
फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। शहर में पिछले दिनों से बनी रसोई गैस की किल्लत के बीच सोमवार को स्थिति कुछ हद तक संभलती नजर आई। तीनों तेल कंपनियों हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी गैस), भारत पेट्रोलियम (भारत गैस) और इंडियन ऑयल (इण्डेन) के सर्वर सामान्य रूप से चलते रहे, जिससे गैस एजेंसियों पर बुकिंग का काम सुचारू रहा। शहर की अधिकांश एजेंसियों पर प्रतिदिन 700 से 1000 तक बुकिंग दर्ज की जा रही है।
हालांकि गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की कतारें अब भी दिखाई दे रही हैं, लेकिन एजेंसी संचालकों के अनुसार इन कतारों का बड़ा हिस्सा ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं का है। कई उपभोक्ताओं ने पहले केवाईसी नहीं करवाई थी, जिसके कारण उन्हें सिलेंडर जारी नहीं किया जा रहा था। ऐसे में अब बड़ी संख्या में लोग दस्तावेज अपडेट कराने पहुंच रहे हैं। वहीं कई उपभोक्ता बुकिंग के बाद तुरंत सिलेंडर लेने के लिए भी एजेंसी पर आ रहे हैं।
एजेंसी संचालकों का कहना है कि सर्वर व्यवस्था सुधरने से बुकिंग की प्रक्रिया तेज हुई है, लेकिन उपभोक्ताओं में भविष्य को लेकर आशंका बनी हुई है। यही कारण है कि कई लोग 25 दिन पहले ही बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं, ताकि समय पर सिलेंडर मिल सके। इधर शहर में सप्लाई भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है और कई इलाकों में घर-घर डिलीवरी की जा रही है। इसके बावजूद एजेंसियों के बाहर भीड़ कम नहीं हुई है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर की स्थिति और बुकिंग की जानकारी लेने भी पहुंच रहे हैं।
कई गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को गोदाम से सीधे सिलेंडर देने पर रोक लगा दी है। एजेंसियों के बाहर नोटिस चस्पा कर स्पष्ट किया गया है कि अब सिलेंडर केवल घर पर डिलीवरी के माध्यम से ही दिए जाएंगे। साथ ही 25 दिन की अवधि पूरी होने से पहले नया सिलेंडर जारी नहीं करने की भी सूचना दी गई है, ताकि वितरण व्यवस्था संतुलित बनी रहे।
तीनों तेल कंपनियों ने शहर की गैस एजेंसियों से कॉमर्शियल सिलेंडरों की खपत और जरूरत का विवरण मांगा है। एजेंसी संचालकों ने अपने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं का डेटा कंपनियों को कंपनियों को भेज दिया है।
रविवार को छुट्टी की वजह से प्लांट बंद रहने के कारण सप्लाई बंद रही, लेकिन सोमवार से प्लांट से आपूर्ति शुरू कर दी गई है। एजेंसियों को उम्मीद है कि मंगलवार से कॉमर्शियल गैस की नई खेप पहुंच सकती है। सरकार ने फिलहाल आपात जरूरत वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीमित मात्रा में गैस देने के निर्देश दिए हैं।
Updated on:
16 Mar 2026 06:59 pm
Published on:
16 Mar 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
