
पुलिस जीप। फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। पुलिस थाना करवड़ क्षेत्र के चंगावड़ा में शादी समारोह की खुशियां एक सप्ताह बाद मातम में बदल गईं। बड़े भाई की शादी में छुट्टी पर आए अग्निवीर ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अग्निवीर का तनाव में होना बताया जा रहा है। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है।
यह वीडियो भी देखें
करवड़ थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि मृतक सुनील के बड़े भाई दिनेश पुत्र भागीरथराम ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई सुनील जाट (24) भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में हिमाचल में सेवाएं दे रहा था। बड़े भाई की शादी के कारण वह पिछले दिनों छुट्टी पर आया था। घर में 24 अप्रेल से 26 अप्रेल तक शादी के कार्यक्रम हुए।
शादी समारोह खत्म होने के बाद 29 अप्रेल को अग्निवीर सुनील तनाव में दिखा तो उसे दवा दी गई। दो-तीन दिन तक उसने लगातार दवा ली। एक मई को उसने अपने घर में फंदा लगा लिया। जैसे ही परिजनों को जानकारी मिली, वे उसे आर्मी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई दिनेश की रिपोर्ट पर करवड़ थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। मृतक सुनील दो साल पहले सेना में बतौर अग्निवीर भर्ती हुआ था। वह अविवाहित था। बताया जा रहा है कि वह छुट्टी के दौरान भी परेशान नजर आ रहा था। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ उज्जैन (मध्य प्रदेश) से रामदेवरा बाबा के दर्शन के लिए गए एक दंपती में महिला की तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। बालेसर थाना के हेड कांस्टेबल डूंगर सिंह ने बताया कि उज्जैन के मूलापुरा रामघाट निवासी कैलाश प्रजापत (60) अपनी पत्नी संगीता प्रजापत (55) के साथ ट्रेन से रामदेवरा दर्शन करने आए थे।
रामदेवरा में अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पोकरण अस्पताल लेकर गए, जहां से जोधपुर रेफर किया गया। रास्ते में हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस 108 से बालेसर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात्रि में शव बालेसर अस्पताल में ही रखा गया। रविवार को पोकरण थाना पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Updated on:
04 May 2026 02:51 pm
Published on:
04 May 2026 02:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
