
ASI Vishnu Kumar (Patrika Photo)
भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां कारोई थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) विष्णु कुमार (42) ने शनिवार सुबह थाने की मेस में पंखे के कड़े से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारियों में शोक की लहर छा गई। मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई विष्णु कुमार ने शुक्रवार की रात को अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ मेस में बैठकर सामान्य रूप से भोजन किया था। उस वक्त तक सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था और उनके व्यवहार में किसी भी तरह का तनाव नजर नहीं आया।
घटना का खुलासा शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ, जब थाने के जवान चाय-नाश्ता करने के लिए मेस में पहुंचे। वहां एएसआई विष्णु कुमार का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना थाना प्रभारी और उच्च अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही गंगापुर एएसपी और डीएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने बारीकी से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल, खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के उच्च अधिकारी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और एएसआई के परिजनों व साथी पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। ताकि आत्महत्या की असल वजह सामने आ सके।
Published on:
02 May 2026 12:21 pm
