
Photo: AI generated
जयपुर। करीब 18 साल से चल रहा जयपुर-गुरुग्राम छह लेन हाईवे का काम अगले माह अप्रैल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। नेशनल हाईवे नंबर 48 पर जयपुर-गुरुग्राम के बीच सात जगह काम चल रहा है। इनमें से छह जगह का काम अप्रैल अंत तक पूरा करने का लक्ष्य एनएचएआइ ने रखा है।
जयपुर-गुरुग्राम के बीच चार लेन हाईवे सड़क को छह लेन करने का काम 2009 में शुरू हुआ था। यह काम यूं तो 2011 में पूरा होना था, लेकिन कानूनी अड़चनों के चलते लंबे समय तक काम अटका ही रहा। बीच-बीच में कानूनी राहत मिलने पर एनएचएआइ काम शुरू कर देती और कुछ समय बाद या तो ठेकेदार काम छोड़ कर भाग जाता या फिर जमीन अधिग्रहण में किसी तरह की कानूनी बाधा आ जाती, जिस वजह से काम पूरा नहीं होता।
पिछले साल ज्यादातर कानूनी अड़चनें खत्म हो गई थीं। इसके बाद एनएचएआइ ने काम तेज कर दिया है। करीब 18 साल से शाहपुरा में जो ओवर ब्रिज नहीं बन पा रहा था। वह भी अप्रेल तक पूरा हो जाएगा। इस ओवरब्रिज का एक साइड का हिस्सा तो वाहनों के लिए खोल भी दिया गया है।
इस हाईवे का काम पूरा होने के बाद जयपुर से गुरुग्राम के बीच का सफर साढ़े तीन से चार घंटे में ही पूरा हो जाएगा। अभी बावल-शाहपुरा में दो फ्लाईओवर और सोतानाला, नीलका व नीझर में तीन पुल का काम चल रहा है। इन सभी जगह अप्रेल अंत तक काम पूरा हो जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर शाहपुरा के जयपुर तिराहा फ्लाईओवर पर जयपुर-दिल्ली लेन होली पर शुरू कर दी गई। जबकि दिल्ली-जयपुर लेन का अभी काम चल रहा है। अप्रेल माह में पूरा होने की संभावना है।
Updated on:
15 Mar 2026 02:16 pm
Published on:
15 Mar 2026 02:16 pm
