
Multipurpose Stadium Ajmer: अजमेर. अजमेर शहर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के उद्देश्य से मल्टीपर्पज स्टेडियम और कन्वेंशन सेंटर जैसी दो बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को इन परियोजनाओं के निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पृथ्वीराज नगर के समीप निर्माणाधीन मल्टीपर्पज स्टेडियम लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस स्टेडियम में करीब 80 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। यह केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बड़े धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी।
इसके साथ ही माकड़वाली क्षेत्र में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। करीब 34 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें एक हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाला सभागार, ओपन एयर थिएटर, कॉन्फ्रेंस हॉल, कैफेटेरिया और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होगी। इसके अलावा आकर्षक फाउंटेन और खुले स्थान भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यह स्थल परिवारों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
देवनानी ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद अजमेर में जयपुर, उदयपुर और जोधपुर की तर्ज पर बड़े स्तर के कार्यक्रम, कॉन्सर्ट और प्रदर्शनियां आयोजित की जा सकेंगी। इससे शहर में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इन दोनों परियोजनाओं से अजमेर को न केवल आधुनिक पहचान मिलेगी, बल्कि यह शहर खेल, संस्कृति और आर्थिक गतिविधियों का नया हब बनकर उभरेगा।
Updated on:
29 Apr 2026 10:35 pm
Published on:
29 Apr 2026 10:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
