
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन से सतर्क रहने और राज्य सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लू के दुष्प्रभाव से बचने के लिए समय रहते जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस दौरान तापमान अपने चरम पर होता है और हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे अधिक रहता है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे तेज बुखार, चक्कर आना या बेहोशी महसूस हो, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर उपचार लेना जरूरी है। आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 108 या 112 पर संपर्क कर तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों, किसानों और पशुपालकों से भी अपील की है कि वे खुले में काम करते समय विशेष सावधानी बरतें। पर्याप्त पानी पीते रहें, सिर को ढककर रखें और तेज धूप से बचने के उपाय अपनाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए सभी को जागरूक रहना जरूरी है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आमजन से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और भोजन की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में जीव-जंतुओं की देखभाल करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्य सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Published on:
29 Apr 2026 10:30 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
