
CM Bhajan Lal Sharma (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
जयपुर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले नीट री-एग्जाम को लेकर राजस्थान सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय बैठक लेकर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केन्द्रों का स्वयं निरीक्षण करने और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के 27 जिलों में 611 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 2 लाख 9 हजार अभ्यर्थी नीट री-एग्जाम में शामिल होंगे। सबसे अधिक 106 परीक्षा केन्द्र जयपुर में बनाए गए हैं। इसके अलावा सीकर में 102 और कोटा में 92 केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा तैयारियों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) संजय अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफल और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
Updated on:
14 Jun 2026 08:30 pm
Published on:
14 Jun 2026 08:30 pm
