29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Alert : राजस्थान में देर रात आया मौसम विभाग का डबल अलर्ट, 12 जिलों में तेज अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार मौसम फिर बदल गया है। देर रात मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए डबल अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Apr 29, 2026

this day brings relief from scorching heat know latest rain updates noida

मौसम विभाग ने बारिश की जताई संभावना

जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है। देर रात मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए डबल अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूलभरी आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

वहीं जोधपुर, बालोतरा, पाली और राजसमंद जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी-बारिश की संभावना बताई गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और आंधी के कारण कमजोर संरचनाओं, कच्चे मकानों, बिजली के खंभों और बड़े पेड़ों को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा धूलभरी आंधी से दृश्यता कम होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

अलग-अलग मौसमीय सिस्टम सक्रिय

प्रदेश में इन दिनों दो अलग-अलग मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं। एक ओर जहां गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।

इन जिलों में हुई बारिश

बुधवार को बूंदी, अलवर, बालोतरा, हनुमानगढ़ और जयपुर के आसपास के क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बूंदी के तालेड़ा और आसपास के इलाकों में तो ओलों की सफेद चादर तक बिछ गई।

शादी के टेंट उड़े

कोटा में भी मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला, जहां दिन में ओलावृष्टि और शाम को तेज तूफानी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और सड़कों पर पानी भर गया। इतना ही नहीं, शादी समारोहों में भी भारी व्यवधान देखने को मिला, जहां टेंट उड़ गए और व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि मेघगर्जन के दौरान पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें, वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और बिजली के उपकरणों को अनप्लग रखें। फिलहाल आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।