
बाड़मेर/जोधपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बाड़मेर पहुंचे। यहां आदर्श स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम की लोकसभा चुनावों को लेकर मारवाड़ में पहली सभा रही। प्रधानमंत्री की सभा को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री चित्तौडगढ़़ में चुनावी सभा को संबोधित कर विमान से उत्तरलाई वायुसेना स्टेशन पहुंचे। यहां से सडक़ मार्ग के माध्यम से सभा स्थल से पहुंचे। सभा के बाद पीएम वापस दिल्ली के लिए निकल जाएंगे। पीएम के आगमन से पूर्व भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी ने सभा को संबोधित किया। बाड़मेर मुख्यालय पर पहली बार आए मोदी के साथ यहां भाजपा के प्रेदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, राजेंद्र गहलोत और सतीश पूनिया रहे। पीएम मोदी का भाषण सुनने के लिए स्टेडियम लोगों की भीड़ से खचाखच भरा हुआ नजर आया।
चप्पे-चप्पे पर रही सुरक्षा
उत्तरलाई से बाड़मेर शहर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की रही। एसपीजी व विशेष सुरक्षा दस्ते भी पहुंचे। आदर्श स्टेडियम सुरक्षा घेरे में रहा। यहां बाड़मेर सहित जैसलमेर, जालोर, सिरोही सहित गुजरात से भी लोग सभा में भाग लेने पहुंचे।
बाड़मेर से दिल्ली जाएंगे मोदी
बाड़मेर की सभा में प्रधानमंत्री के सभा समाप्ति बाद करीब 5.30 बजे प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए उत्तरलाई से रवाना होंगे। दूसरे दिन सोमवार को प्रधानमंत्री की सभा जोधपुर में होगी।
क्यों चुना बाड़मेर को
बाड़मेर भारत पाक सीमा से सटा लोकसभा क्षेत्र है। सामरिक दृष्टि से प्रधानमंत्री की यह चुनावी सभा मायने रखती है। मारवाड़ की इस सीट का असर प्रदेशभर में पिछले समय से होने लगा है। यहां जातिगत गणित और सियासत इतनी गहराती है जिसका असर प्रदेशभर में पहुंच रहा है।
बाड़मेर का भौगोलिक एवं ऐतिहासिक विवरण
- लोकसभा क्षेत्र पाकिस्तान से सटा हुआ है।
- लोकसभा क्षेत्र रेगिस्तानी इलाका है जहां मूलभूत समस्या पेयजल की है।
- प्रदेश की पहली रिफाइनरी बाड़मेर में लगनी है। जिसका कार्य शुभारंभ प्रधानमंत्री ने किया था।
- पिछला चुनाव यहां भाजपा से बगावत कर वरिष्ठ नेता जसवंतसिंह ने लड़ा था और इस बार उनके पुत्र मानवेन्द्र कांग्रेस के प्रत्याशी है, जिन्होंने विधानसभा चुनावों में भाजपा छोड़ी थी।
पहले-कब आए यहां मोदी
- विधानसभा चुनाव 2008 में शिव बाड़मेर से भाजपा प्रत्याशी रहे जालम सिंह की सभा में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए आए थे।
- 12 अप्रेल 2014 को मोदी यहां लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर बालोतरा आए।
- 16 जनवरी 2017 को रिफाइनरी के कार्य शुभारंभ पर पचपदरा आए।
2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने किए थे ये वादे
- नदियों को नदियों से जोड़ा जाएगा
- कच्छ के रण की तरह रेगिस्तान का होगा विकास
- रेगिस्तान में कमल खिला तो यहां आम उगेंगे
- गुजरात में बाड़मेर के युवा पढ़ सकेंगे पेट्रो केमिकल विषय
- पाक विस्थापितों को मिलेगी यहां पूरी सुविधाएं