
जोधपुर. जोधपुर पुलिस ने रसोइया व होमगार्ड के पुत्र-पुत्री की शादियों में मायरा व कन्यादान कर अनूठी मिसाल पेश की। ओसियां थाने के पुलिसकर्मियों ने रसोइया के बेटे-बेटी की शादी में सवा लाख का मायरा भरा तो जोधपुर यातायात पुलिसकर्मियों ने होमगार्ड के पुत्री की शादी में 51 हजार रुपए का कन्यादान किया।
ओसियां थानाधिकारी बाबूराम डेलू रविवार को अपने स्टाफ के साथ निकटवर्ती जाखण गांव निवासी झोंपड़ी में रहने वाले रसोइया देवाराम सैन के बेटा -बेटी की शादी में मायरा भरने पहुंचे। देवाराम ओसियां थाने में पार्टटाइम रसोइये का काम करता है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। कुछ दिन पहले सैन ने ओसियां थानाधिकारी डेलू सहित स्टाफ को शादी का निमंत्रण दिया।
इस पर थानाधिकारी डेलू सहित पुलिस स्टाफ ने देवाराम को अपने परिवार का हिस्सा मानते हुए उसके बेटा -बेटी की शादी में मायरा भरने का निर्णय लिया। रविवार को थानाधिकारी डेलू सहित स्टाफ ने शादी समारोह में पहुंच आपसी सहयोग से एकत्रित करीब एक लाख एक हजार रुपए नगद एवं गहने, कपड़ों सहित करीब सवा लाख का मायरा भर नया संदेश दिया।
ओसियां पुलिस की पहल पर मतोड़ा थानाधिकारी नेमाराम ईनाणिया ने भी इक्कीस हजार रुपए का सहयोग दिया। इधर यातायात पुलिस एचएम आनंद सिंह ने बताया कि होमगार्ड को छह से आठ माह का रोजगार मिलता है। इस पर उनके साथी होमगार्ड जसाराम के पुत्री शादी में हेडकांस्टेबल रामनिवास कोसाना, होमगार्ड ओमप्रकाश तंवर, मनोहर सिंह ने 51 हजार रुपए का कन्यादान किया।