
पीपाड़सिटी (जोधपुर). पंचायत समिति क्षेत्र के लवारी गांव में शुक्रवार को विद्युत मीटर बदलने के दौरान बिजली कर्मचािरयों पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निगम मुख्यालय में श्रमिकों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों में बीएमएस से जुड़े कर्मचारियों और श्रमिकों ने मंगलवार को सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया।
बिजली श्रमिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश दाधीच, प्रदेश महामंत्री लवजीत पंवार तथा जिला महामंत्री करणसिंह राजपुरोहित भी आंदोलन के समर्थन में पीपाड़सिटी निगम मुख्यालय पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देते हुए एकता का आह्वान किया।
श्रमिक संघ के जिलाध्यक्ष रामकरण रियाड ने बताया कि पीपाड़सिटी विद्युत निगम उपखंड क्षेत्र में कार्यरत संगठन के लगभग साठ कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता का घेराव कर आक्रोश जताया।बिजली श्रमिकों ने इस मामले में बोरुंदा पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के बावजूद बिजली चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इस मामले में संघ के प्रतिनिधिमंडल की एसपी (ग्रामीण) से मुलाकात कर बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोपी बिजली चोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय किया गया।
इस प्रदर्शन को पीपाड़सिटी शाखाध्यक्ष संजय टाक, महामंत्री श्रवण गहलोत, जिला उपाध्यक्ष प्रेमसिंह कच्छावाह, अमराराम गुर्जर, रामकिशोर जाखड़, नरेंद्र सोनेल, ज्ञानाराम, डूंगरराम, रामनिवास पुरोहित, प्रकाश मुंदियाडा, शीतल कुमार, इल्मुदीन सहित अन्य श्रमिकों ने अपने संबोधन में विद्युत श्रमिकों को सुरक्षा देने की मांग पर बल दिया।निसं