जोधपुर

मौसम ने ली करवट, कहीं रिमझिम तो कहीं उमस से बेहाल

भोपालगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में करीब सप्ताह भर के इंतजार के बाद सोमवार को कुछेक गांवों में हल्की बारिश हुई।
less than 1 minute read
Aug 27, 2019
Rain in rural Jodhpur area
मौसम ने ली करवट, कहीं रिमझिम तो कहीं उमस से बेहाल

भोपालगढ़ (जोधपुर) . क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में करीब सप्ताह भर के इंतजार के बाद सोमवार को फिर से मौसम ने एकाएक करवट बदली और दिन भर की उमस व तपन के बाद कुछेक गांवों में हल्की बारिश हुई। भोपालगढ़ कस्बे सहित क्षेत्र के अधिकांश गांवों में लोग गर्मी व उमस से राहत पाने के लिए बारिश की बाट जोहते ही रह गए, लेकिन देर शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं हुई।

गौरतलब है कि सोमवार को कस्बे सहित ग्रामीण इलाकों में मौसम बदलता सा नजर आया और दोपहर से ही आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ काली घनी घटाएं भी छाने लगी। दोपहर करीब पौने 3 बजे से सुरपुरा खुर्द व आसपास के कुछेक गांवों में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो थोड़ी देर तक चला।

वहीं दूसरी ओर कस्बे सहित क्षेत्र के अधिकांश गांवों में आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद बादल नहीं बरसे और आमजन के साथ ही किसान भी बारिश की बाट जोहते ही रह गए। हालांकि शाम को एकबारगी आसमान में काली घनी घटाएं छाने पर लोगों को बारिश की आस जगी थी, लेकिन देर रात तक बारिश नहीं होने से लोगों को गर्मी व उमस में बेहाल होना पड़ा।

Published on:
27 Aug 2019 10:38 am