
जोधपुर. कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मारवाड़ के इलाके में शनिवार से बरसाती मौसम शुरू होने की उम्मीद है। वैसे शुक्रवार को बाड़मेर, सिरोही, जालौर और पाली के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। सिरोही शहर में 37, पिंडवाड़ा में 40, आबूरोड में 7, पाली के तखतगढ़ में 16, बाड़मेर शहर में 4.3, पचपदरा में 11, जालोर में छह और सायला में बूंदाबांदी हुई। दूसरी तरफ कुछ हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी से उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। जैसलमेर में पारा 40 डिग्री को पार कर गया। जोधपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में भी तापमान में वृद्धि होने से लोग उमस भरी तपिश से परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से बरसाती मौसम शुरू होने की उम्मीद है जो अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
सूर्यनगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री रहा। सुबह से ही उमस भरा मौसम था। दिन चढऩे के बाद धूप व बादलों की आंख मिचौची से दिन का पारा 37 डिग्री पर पहुंच गया। दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को हलकान किया। शाम को भी ऐसा ही मौसम बना रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी उमस से क्षेत्रवासी बेहाल रहे। फलोदी में न्यूनतम तापमान 30.2 व अधिकतम 38.2 डिग्री रहा। जैसलमेर में रात का पारा 28.5 व दिन का 40.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 28.3 व अधिकतम 36.7 डिग्री रहा।