जोधपुर

प्रदेश के आयुष पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के रजिस्ट्रेशन शुरू

- 30 दिसम्बर तक है अंतिम तिथि
less than 1 minute read
प्रदेश के आयुष पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के रजिस्ट्रेशन शुरू
प्रदेश के आयुष पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के रजिस्ट्रेशन शुरू

जोधपुर. प्रदेश में आयुर्वेद और होम्योपैथी संस्थानों के एमडी/एमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश को लेकर काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बुधवार से शुरू हो गया। रजिस्टे्रशन की अंतिम तिथि 30 दिसम्बर रखी गई है। इसके जरिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर से सम्बद्धता प्राप्त सभी राजकीय व निजी आयुर्वेद एवं होम्योपैथी स्नातकोत्तर संस्थानों और प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों के संघटक स्नातकोत्तर आयुष संस्थानों में संचालित एमडी/एमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा।

राज्य सरकार ने काउंसलिंग के लिए आयुर्वेद विवि में आयुष कांउसलिंग बोर्ड का गठन किया है। कांउसलिंग बोर्ड के चेयरमेन डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि ऑल-इंडिया आयुष पीजी पात्रता परीक्षा-2020 के योग्य अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के बाद एक से तीन जनवरी तक दो दिन की अवधि में आवेदक विषय एवं महाविद्यालयों के विकल्प ऑनलाइन भर सकेंगें। आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार सर्वप्रथम निजी महाविद्यालयों में अखिल भारतीय कोटे की 15 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश के लिए कांउसलिंग दो चरणों 6 व 17 जनवरी होगी। इसके जरिए मेरिट एवं श्रेणियों के आधार पर सीटों का ऑनलाइन आवंटन किया जाएगा। रिक्त रही सीटों को राज्य-कोटे की सीटों में शामिल किया जाएगा। इसके बाद राज्य कोटे की सीटों के आवंटन की प्रक्रिया होगी।
अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन, आवेदन-शुल्क सहित अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी काउंसलिंग बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

- 30 दिसम्बर तक होगा रजिस्ट्रेशन
- 1 जनवरी से महाविद्यालय विकल्प भरे जाएंगे
- 6 व 17 जनवरी को होगा सीट आवंटन

Updated on:
23 Dec 2020 05:12 pm
Published on:
23 Dec 2020 05:12 pm