
जोधपुर.
उदयमंदिर आसन में गायों की फाटक के पास चाकू व बेस बॉल बैट से हमले का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने दो घंटे तक महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर हमले में शामिल मोहम्मद सलीम का इंतजार किया था। फिर वो जब बहन से मिलकर अस्पताल से बाहर आया और मोटरसाइकिल पर रमजान के साथ रवाना हुआ तो एसयूवी में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उसका पीछा किया था। पुरी तिराहे से आगे दूध की दुकान के सामने एसयूवी से टक्कर मारी। बाइक से गिरते ही कार में सवार हमलावर उस पर टूट पड़े थे। बेस बॉल के बैट व चाकू से हमला कर सलीम को घायल कर भाग निकले थे। उदयमंदिर थाना पुलिस की गिरफ्त में आए हिस्ट्रीशीटर के भाई व उसके चार साथियों से पूछताछ में यह सामने आया।
थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार शुक्रवार को दूध मंदिर के सामने मोहम्मद सलीम पर हमले के मामले में पंचोलिया नाडी में हरिजन बस्ती निवासी सुनील तेजी पुत्र किशनलाल वाल्मीकि, मधुबन हाउसिंग बोर्ड निवासी रविन्द्रसिंह पुत्र अखिलेश सिंह, झालामण्ड में सिद्धी विनायक निवासी प्रदीपसिंह उर्फ करू पुत्र करणसिंह, उदयमंदिर आसन निवासी फैयाज खान पुत्र मोहम्मद यासीन और लायकान मोहल्ला निवासी सलमान पुत्र अब्दुल केसर को गिरफ्तार किया गया है।
हमले में शामिल हिस्ट्रीशीटर शमशेर, उसके अन्य भाई व अन्य आरोपियों के संबंध में जांच और तलाश चल रही है।
राज्य से बाहर भागने की फिराक में थे आरोपी
दूध की दुकान के बाहर मोहम्मद सलीम पर हमले में हिस्ट्रीशीटर शमशेर के भाई फैयाज की मुख्य भूमिका थी। उसी ने अपने दोस्तों से यह हमला कराया था। कार भी उसी की थी। हमले के बाद आरोपी भाग निकले थे। कार घोड़ों का चौक से बरामद की गई थी। जबकि आरोपी खेतानाडी, पहाडग़ंज होकर पाल से भाण्डू में एक होटल में पहुंचे थे। वे सभी राज्य से बाहर भागने की फिराक में थे। लायकान मोहल्ला से सलमान को दबोचा गया। तकनीक से मिले सुराग के आधार पर उदयमंदिर थानाधिकारी प्रदीप शर्मा, मंडोर थानाधिकारी मनोज राणा, एएसआई जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल बींजाराम, जमशेद खान, जगदीश, कमरू खान, गोपालसिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र व ओमप्रकाश ने होटल के पास से शेष चारों को पकड़ लिया।
भतीजे पर हमले का बदला लेना था
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गत गुरुवार देर रात गायों की फाटक के पास मकान में दावत के दौरान बेस बॉल बैट व चाकू से हमले में हिस्ट्रीशीटर का पुत्र साहिल व नियाज मोहम्मद घायल हो गए थे। इसका बदला लेने के लिए फैयाज व अन्य ने साजिश रची थी। हमले में मोहम्मद सलीम की बहन भी घायल थी। जो एमजीएच में भर्ती है। सलीम शुक्रवार को बहन से मिलने अस्पताल गया था। इसका पता लगने पर सभी एसयूवी में अस्पताल के बाहर पहुंच गए थे। करीब दो घंटे तक इंतजार किया था। फिर जब सलीम व रमजान बाइक पर निकले तो दूध की दुकान के पास टक्कर मारकर उन्हें रोका था। सलीम के हेलमेट पहना था, लेकिन बैस बॉल के बैट के वार से हेलमेट टूट गया था। फिर उस पर चाकू व बैस बॉल बैट से हमला किया गया था।
तीन बाल अपचारी सहित सात और पकड़े
उधर, गायों की फाटक के पास हमले के मामले में नागौरी गेट थाना पुलिस ने शनिवार को तीन बाल अपचारियों को संरक्षण व चार अन्य को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। थानाधिकारी लूणसिंह ने बताया कि नियाज मोहम्मद की तरफ से दर्ज मामले में गायों की फाटक निवासी समीर पुत्र साबिर को गिरफ्तार व तीन बाल अपचारी संरक्षण में लिए गए हैं। वहीं, मोहम्मद साबिर की तरफ से दर्ज मामले में गायों की फाटक निवासी अकरम पुत्र इमामुद्दीन, इमरान पुत्र मोहम्मद अयूब व वसीम पुत्र मोहम्मद अयूब को गिरफ्तार किया गया है। एक बाल अपचारी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।