जोधपुर

RGHS Update : आरजीएचएस में विटामिन-कैल्शियम दवाओं की आपूर्ति रुकी, लाभार्थी परेशान

RGHS Update : राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम के लाभार्थियों को आजकल परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार फिलहाल 15 सॉल्ट की दवाइयां सप्लाई में नहीं आ रहीं।
2 min read
RGHS vitamin calcium medicines Supply stopped Rajasthan beneficiaries upset
फाइल फोटो पत्रिका

RGHS Update : राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम यानी (आरजीएचएस) सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को स्वास्थ्य राहत देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है, लेकिन इन दिनों योजना के तहत कई जरूरी दवाइयों की आपूर्ति बाधित होने से लाभार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार फिलहाल 15 सॉल्ट की दवाइयां सप्लाई में नहीं आ रहीं। जिनमें आयरन, मल्टी विटामिन और कैल्शियम जैसी सामान्य उपयोग की दवाएं शामिल हैं। योजना से जुड़े लाभार्थियों को इन दवाओं को अब सरकारी सप्लाई से लेने की बात कही जा रही है।

हालांकि कई पेंशनर्स का कहना है कि वे सरकारी सप्लाई की दवाओं से संतुष्ट नहीं हैं या उन्हें समय पर उपलब्धता नहीं मिल पा रही है। ऐसे में निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

जोधपुर जिले में आरजीएचएस से जुड़े लाभार्थियों की संख्या 15 से 20 हजार के बीच बताई जा रही है। जोधपुर शहर में 300 से अधिक मेडिकल स्टोर इस योजना के तहत पंजीकृत हैं और कैशलेस सुविधा उपलब्ध कराते हैं, लेकिन मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि पिछले छह माह से भुगतान लंबित है।

व्यापारी बोले, संकट गहराएगा

जोधपुर केमिस्ट एलाइंस के अरुण धारीवाल का कहना है कि इन दवाओं की सप्लाई रोकने से परेशानी आ रही है। जोधपुर केमिस्ट एसोसिएशन के अविनाश सिंघी ने बताया कि इस प्रक्रिया को पहले भी कई बार प्रभावित किया है। ऐसे में जनता को परेशानी होती है।

आरजीएचएस योजना से जुड़े केमिस्ट व्यापारी श्रवण गहलोत ने बताया कि पहले दवाओं की सप्लाई बंद की, फिर शुरू हुई लेकिन अब फिर से सप्लाई में नहीं आ रही। कोई ठोस जवाब भी नहीं मिल रहा।

पेंशनर्स बोले, हर महीने लग रहे पैसे

राधाकिशन शर्मा ने बताया कि हर महीने करीब 500 से 800 रुपए की दवा को अब इस योजना के अलावा कैश लेना पड़ रहा है। क्योंकि उन दवाओं की सप्लाई नहीं हो रही। पेंशनर्स विजय माथुर ने बताया कि हम मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।

Updated on:
18 Feb 2026 07:42 am
Published on:
18 Feb 2026 07:42 am