जोधपुर

आयुर्वेद विवि के दीक्षांत समारोह में रोबोट लेंगे डिग्रियां, 16 लाख रुपए की होगी बचत

- 19 जनवरी को वर्चुअल मोड पर होगा दीक्षांत समारोह - 650 से अधिक छात्र-छात्राओ को मिलेगी उपाधियां
less than 1 minute read
Jan 05, 2021
आयुर्वेद विवि के दीक्षांत समारोह में रोबोट लेंगे डिग्रियां, 16 लाख रुपए की होगी बचत
आयुर्वेद विवि के दीक्षांत समारोह में रोबोट लेंगे डिग्रियां, 16 लाख रुपए की होगी बचत

जोधपुर. डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 19 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह पूरी तरह से वर्चुअल मोड पर होगा। विद्यार्थियों के 3-डी अवतार डिग्री लेते नजर आएंगे। कुलाधिपति व राज्यपाल कलराज मिश्र भी वर्चुअल तौर पर छात्रों को गोल्ड मैडल पहनाएंगे। वर्चुअल मोड पर दीक्षांत समारोह की औसतन लागत 3 लाख रुपए रखी गई है। कुल मिलाकर खर्चा चार लाख के आसपास रहेगा।

पिछले साल फिजिकली यानी ऑफलाइन दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें 20 लाख रुपए से अधिक का खर्चा आया था। इस बार विवि को 15-16 लाख रुपए की बचत होगी। आयुर्वेद विवि वर्ष 2019 बैच के करीब 650 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेगा। बैच के 15 टॉपर विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल पहनाया जाएगा। द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वालों का प्रमाण पत्र मिलेगा। आयुर्वेद विवि ने दीक्षांत समारोह के लिए किसी मल्टीमीडिया कम्पनी के लिए टैंडर किया है। समारोह पूरी तरह रिकोर्डेड होगा। कुलपति व रजिस्ट्रार के भाषण, दीक्षांत शोभा यात्रा 3-डी मोड पर दिखाई जाएगी। करीब एक घण्टे का यह कार्यक्रम छात्र छात्राएं अपने बैठे देखेंगे और अपने आपको वर्चुअल तौर पर डिग्री लेते देखेंगे।

पिछले साल इतने में तो डोम बना
गत वर्ष आयुर्वेद विवि ने अपने करवड़ स्थित कैंपस में दीक्षांत समारोह रखा। यहां खुले मैदान में डोम बनाया गया, जिसकी कीमत भी ४ लाख रुपए से अधिक आई। आयुर्वेद विवि के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट और एकेडमिक काउंसिल के देशभर में करीब तीस सदस्य है।

राज्यपाल के भाषण को लेकर निर्णय नहीं
समारोह वर्चुअल मोड पर होगा लेकिन कुलाधिपति व राज्यपाल के भाषण को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। वे अपना भाषण रिकॉर्ड करने के अलावा राजभवन से लाइव भी हो सकते हैं, तब यह समारोह मिक्सड रियलिटी मोड पर चला जाएगा।

Published on:
05 Jan 2021 05:12 pm