जोधपुर

सांगरिया बाइपास पर क्षतिग्रस्त सडक़ों पर फूटा आमजन के सब्र का बांध, शिकायतों के बाद भी चुप बैठे हैं अधिकारी

ऐसे में सडक़ पर हुए गड्ढों में गिरकर आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं।
2 min read
roads in jodhpur
sangariya, aiims sangariya road, roads in jodhpur, poor condition of roads in jodhpur, jodhpur news, jodhpur news in hindi

arvind singh rajpurohit/जोधपुर. कई दिनों से क्षतिग्रस्त सांगरिया बाइपास की सडक़ को शिकायतों के बाद भी मरम्मत नहीं करने वाले अफसरों के खिलाफ गुरुवार को आमजन का आक्रोश फूट पड़ा। बदहाल सडक़ से आए दिन परेशानियों का सामना कर रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सुबह 11 बजे के करीब सांगरिया बाइपास चौराहे पर बासनी की तरफ से आने-जाने वाले मार्ग पर बेरिकेड्स लगाकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे श्रवण प्रजापत, नंदकिशोर, रणजीत गहलोत, प्रकाश प्रजापत व हीराराम आदि लोगों में इस बात का गुस्सा था कि लगातार शिकायतों के बाद जिम्मेदार पद पर बैठे अफसर सडक़ की मरम्मत करने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

ऐसे में सडक़ पर हुए गड्ढों में गिरकर आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। वहीं प्रशासन इसके बावजूद सडक़ की मरम्मत नहीं कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी भी की। वहीं चौराहे पर लगभग आधा किमी दूर तक वाहनों की कतार लग गई। गौरतलब है की सांगरिया बाइपास की क्षतिग्रस्त सडक़ को लेकर राजस्थान पत्रिका ने 7 दिसंबर के एक्सपोज अंक में ‘उपेक्षा के मवाद से कराह रही यह सडक़’ शीर्षक से समाचार का प्रकाशन किया था।

मौके पर पहुंची पुलिस को समझाइश में आए पसीने

प्रदर्शन की सूचना मिलने के कुछ देर बाद बासनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस लोगों से समझाइश कर रास्ता खुलवा पाती इससे पहले ही पुलिस के सामने ही एक वाहन चालक गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गया। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे लोग और ज्यादा आक्रोशित हो गए। इससे पूर्व सुबह भी एक छात्रा गड्डे में गिरने से चोटिल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दोनों घटनाओं के विरोध में प्रदर्शनकारी मौके पर पीडब्लूडी के अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़ गए। बाद में पीडब्लूडी के अफसर मौके पर पहुंचे व दो-तीन दिन के अंदर सडक़ की मरम्मत करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित लोग माने। इस दौरान डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।


इधर- बाइपास से सांगरिया फांटा तक क्षतिग्रस्त है सडक़


गौरतलब है की सांगरिया बाइपास से सांगरिया फांटा जाने वाले मार्ग पर सडक़ कई दिनों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सांगरिया फांटा पर तो सडक़ का अस्तित्व मानो समाप्त सा हो गया है। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि जेपीएनटी की अेार से टैक्सटाइल फैक्ट्रियों का प्रदूषित पानी ले जाने के लिए डाली गई लाईन क्षतिग्रस्त है। ऐसे में सडक़ पर जमा हो रहे प्रदूषित पानी से सडक़ क्षतिग्रस्त हो रही है। जिससे प्रतिदिन कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हालांकि जेपीएनटी के अधिकारियों ने प्रदूषित पानी को ले जाने वाली लाइन के क्षतिग्रस्त होने की घटना से इंकार किया है।

Updated on:
21 Dec 2018 11:35 am
Published on:
21 Dec 2018 11:35 am