
जोधपुर. लॉक डाउन को चार महीने हो गए हैं लेकिन कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्र सरकार की अनलॉक-3 की गाइड लाइन भी आ चुकी है लेकिन उसमें भी समारोह व आयोजन पर रोक है। उधर केंद्र व राज्य सरकार के कार्मिक सालों की सफलतापूवर्क सेवा के बाद हर महीने की अंतिम तारीख को सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं लेकिन लॉक डाउन के कारण आयोजन नहीं होने से उनके मन में थोड़ी सी कसक बाकी रह गई है।
डाक विभाग ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इस अभिलाषा को ध्यान में रखते हुए माई स्टाम्प योजना में नई थीम ‘हैप्पी रिटायरमेंट’ लॉन्च की है। दफ्तर के कर्मचारियों को उनके बॉस उनके फोटो लगे 12 डाक टिकट भेंट करके सेवानिवृत्त को यादगार बना सकते हैं। इसकी कीमत भी केवल 300 रुपए प्रति शीट है, जिस पर 12 डाक टिकट आएंगे।
शादी की सालगिरह व जन्मदिन पर भी
माई स्टाम्प योजना के अंतर्गत दो अन्य थीम ‘हैपी वेडिंग एनिर्वसरी’ और ‘हैप्पी बर्थ-डे’ भी है। लॉक डाउन के दौरान शादी की सालगिरह व जन्मदिन की पार्टियों पर भी रोक है। ऐसे में सगे-संबंधी व मित्र उन्हें भी उनकी 12 फोटो के डाक टिकट दे सकते हैं।
10 मिनट में बन जाएगा डाक टिकट
प्रदेश के समस्त मुख्य डाकघरों सहित अन्य डाकघरों में माई स्टाम्प योजना की सुविधा है। यहां कोई भी व्यक्ति आकर केवल 10 मिनट में ही संबंधित व्यक्ति के 12 डाक टिकट की शीट प्राप्त कर सकता है। फोटो मिलने पर कम्प्यूटर में स्टाम्प में फोटो सजाकर केवल प्रिंट आउट निकालना रहता है।
‘किसी व्यक्ति को उसकी सेवानिवृत्ति पर उसके स्वयं के ही डाक टिकट भेंट करके सेवा कार्य के अंतिम दिन का यादगार बनाया जा सकता है।’
-सचिन किशोर, पोस्ट मास्टर जनरल, जोधपुर