
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषणा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन विवि के नए व पुराने परिसर में अभी से चुनाव का रंग नजर आने लगा है। विवि के ओल्ड व न्यू कैम्पस में संभावित प्रत्याशियों ने न सिर्फ बैनर व पोस्टर चिपका दिए हैं, बल्कि प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है। शहर में कई जगह बैनर व पोस्टर चिपके नजर आने लगे हैं। आश्चर्यजनक रूप से नगर निगम ने अभी तक एक भी छात्र नेता के खिलाफ पुलिस स्टेशन में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अभी से लगाम नहीं कसे जाने पर छात्रनेताओं के समर्थकों की ओर से शहर भर को पोस्टर व बैनर आदि से गंदा कर दिया जाता है। इससे न केवल सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचता है वरन सफाई व्यवस्था और बिगड़ जाती है।
ओल्ड कैम्पस
छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष प्रत्याशी के लिए लक्षद्वीप सिंह राठौड़ के बड़े-बड़े बैनर व होर्डिंग ओल्ड कैम्पस के मुख्य द्वार से ही नजर आने लगे हैं। ओल्ड कैम्पस के मुख्य द्वार व आस-पास से लेकर अंदर तक होर्डिंग लगे हुए हैं। ओल्ड कैम्पस के बाहर भी कई जगह होर्डिंग चिपके हुए हैं।
न्यू कैम्पस
दूसरे पक्ष से सुनील चौधरी ने अध्यक्ष प्रत्याशी के लिए विवि के न्यू कैम्पस में प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। जगह-जगह बैनर व होर्डिंग चिपके हुए हैं। विवि के बाहर भी होर्डिंग लगा दिए गए हैं। बैनर व पोस्टर चिपके वाहन भी शहर में नजर आने लगे हैं।
नगर निगम की अनदेखी
सार्वजनिक सम्पत्तियों पर बगैर अनुमति के पोस्टर, बैनर व होर्डिंग चिपकाने पर नगर निगम की तरफ से कानूनी कार्रवाई की जाती है। निगम के संबंधित अधिकारी की ओर से सार्वजनिक सम्पत्ति विरूपेण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाती है, लेकिन अभी तक एक भी एफआर दर्ज कराई गई है।
तोड़-फोड़ के बाद पुलिस तैनात
गत दिनों जेएनवीयू के न्यू कैम्पस में प्रचार-प्रसार करने के दौरान लक्षद्वीप सिंह राठौड़ के समर्थकों की एसयूवी के कांच फोड़ दिए गए थे। शास्त्रीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कर चार छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से विवि में पुलिस की एक फ्लाइंग तैनात कर दी गई है।