
जोधपुर. विख्यात सारंगीवादक उस्ताद गुलाब खां की स्मृति में स्थापित उस्ताद गुलाब खां लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड इस वर्ष प्रख्यात बॉलीवुड- सूफी गायक और हजारों दिलों पर अपनी आवाज के जादू से राज करने वाले हंसराज हंस को दिया जाएगा। क्रिएटिव कर्मा, स्वर सुधा, मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की साझा मेजबानी में 8 मार्च को शाम 6:45 बजे मेहरानगढ़ के जनाना ड्योढ़ी में होने वाले समारोह के दौरान गायक हंसराज हंस को एक लाख रुपए नगद, शॉल, श्रीफल, ट्रॉफी व साफा पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद गजसिंह होंगे। उस्ताद गुलाब खां साहब के पुत्र नियाज अहमद खां और इमरान खां ने पत्रिका को बताया कि अवार्ड समारोह में दिलशाद खां, पण्डित अतुल कुमार उपाध्याय के साथ सारंगी और वायलिन जुगलबंदी की प्रस्तुति से समारोह का आगाज होगा। तबले पर विख्यात तबला वादक उस्ताद अकरम खां संगत करेंगे। समारोह में हंसराज हंस अपने ग्रुप के साथ बॉलीवुड, सूफी और लोक गीतों की प्रस्तुति देंगे।