
लोहावट (जोधपुर) . फलोदी से शनिवार दोपहर में करीब सवा दो बजे जोधपुर के लिए जा रही राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम फलोदी डिपो की बस के सापट (रॉड) के टूट जाने से लोहावट क्षेत्र के बाबा रामदेव मंदिर के आगे जोधपुर-फलोदी स्टेट हाइवे पर बीच राह अटक गई। बाद में फलोदी से पीछे से जोधपुर जा रही दूसरी एक रोडवेज बस में बिठाकर यात्रियों का रवाना किया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फलोदी से रोडवेज की साधारण बस जोधपुर के लिए दोपहर में जा रही थी। इस दौरान लोहावट से आगे जोधपुर की आगे निकलने के दौरान स्टेट हाइवे पर बाबा रामदेव मंदिर के आगे बस की सापट (रॉड) टूट गई। इससे बस बीच राह में अटक गई।
बस चालक ने सापट (रॉड) को दुरुस्त करने का काफी प्रयास किया, लेकिन रॉड ठीक नहीं हो पाई। बस में जोधपुर, ओसियां, भीकमकोर, हरलाया, जंभेश्वरनगर सहित कई जगहों पर जाने के लिए महिलाओं, बच्चों सहित करीब 40-45 यात्री सवार थे। बस बीच राह में अटक जाने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
यात्रियों को हुई परेशानी
लोहावट के नजदीक जोधपुर-फलोदी स्टेट हाइवे पर बाबा रामदेव मंदिर के पास रोडवेज की बस खराब हो जाने से बस में सवार यात्री नीचे उतर गए। इस दौरान करीब 20 मिनट बाद फलोदी सें जोधपुर की ओर दूसरी रोडवेज बस जा रही थी। इस बस के खराब होते देख बस चालक ने यहां पर बस को रोककर यात्रियों को बिठाया, लेकिन जोधपुर जा रही बस में पहले से ही सवारियां सवार थी। इससे कुछ यात्रियों को ही जगह मिल पाई। जबकि कुछ यात्री निजी वाहनों से जोधपुर के लिए रवाना हुए।