
जोधपुर।
जोधपुर प्रादेशिक परिवहन विभाग (आरटीओ) में तकनीकी गड़बड़ी के चलते लोगों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है । 5 साल के लिए रिन्यू होने वाले लाइसेंस हर महीने करवाने पड़़ रहे हैं। विभागीय अधिकारी इस बारे में तकनीकी त्रुटि का हवाला दे रहे है। लॉकडाउन के बाद में सरकारी कार्यालय शुरू होने के साथ ही प्रदेशिक परिवहन विभाग में लाइसेंस सहित अन्य कार्य करवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है । कई लोगों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो गई। ऐसे में लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए आ रहे हैं । हाल ही में रिन्यू लाइसेंस में ऐसे मामले सामने आए हैं कि परिवहन विभाग को रिन्यू लाइसेंस की अवधि 5 साल के लिए बढ़ानी थी लेकिन एक महिना ही बढ़ाई। ऐसे में परेशान आवेदक हर महिने लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि ऐसी गड़बड़ी कम्प्यूटर में तकनीकी खराबी की वजह से हो रही है लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं और लोग परेशान हो रहे है।
---
केस-1
मालाराम का नया लाइसेंस 27 जून को जारी हो गया था, लेकिन उसे लाइसेंस का अपडेटेड प्रिंट नहीं मिला । उसने विभाग में नए लाइसेंस जारी करवाने का आवेदन किया, तो उसे नया लाइसेंस मिला, जिसमें रिन्यू अवधि एक माह तक बढ़ी हुई मिली। मालाराम विभाग के चक्कर काट रहा है।
---
केस-2
सोहनराम के लाइसेंस की वैधता 4 जुलाई को समाप्त हो गई। इसके बाद सोहनराम ने लाइसेंस को रिन्यू करवाने के लिए आवेदन किया। विभाग की ओर से सोहनराम के घर जो लाइसेंस आया, उसमें रिन्यू की अवधि एक माह ही बढ़ी हुई थी। सोहनराम ने विभाग में समस्या बताई, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
--
ऐसी गड़बड़ी होनी नहीं चाहिए। अगर हुई है तो डीटीओ (एनफोर्समेंट) से जानकारी लेकर ऐसे मामलों की जांच करवाता हूं।
रामनारायण गुर्जर, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी
जोधपुर।