
रैम्प न होने से नाले पर अधर में लटकी कार
- पत्नी व बच्चों के साथ निकला था युवक, बड़ा हादसा टला
जोधपुर.
मसूरिया में सुभाष मार्ग पर नाले से उतरने के लिए रैम्प न होने से मंगलवार शाम कार में सवार एक परिवार की जान पर बन आई। रैम्प न होने से अनजान युवक ने नाले से कार नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन कार बीच में ही अधर में लटक गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों के अनुसार मसूरिया निवासी एक युवक पत्नी व दो बच्चों के साथ शाम को कार में घूमने के लिए निकला। वह सुभाष मार्ग होकर पाल रोड की तरफ जाने लगा। सुभाष मार्ग मोड़ पर नाले से उतरने लगा, लेकिन रैम्प न बना होने से कार बीच में ही लटक गई। कार में सवार चारों घबरा गए। आस-पास के लोग वहां एकत्रित हुए और सभी को सकुशल बाहर निकाला। बाद में क्रेन बुलाकर कार को हटाया जा सका। युवक व उसकी पत्नी ने रैम्प न बना होने पर रोष जताया।