जोधपुर

अगले सप्ताह तापमान में होगी बढ़ोतरी

Thar Weather - रात के पारे में आएगा उछाल
less than 1 minute read
अगले सप्ताह तापमान में होगी बढ़ोतरी
अगले सप्ताह तापमान में होगी बढ़ोतरी

जोधपुर. संभाग के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को भी पारे में लगभग स्थिरता रही। रात का पारा 15 डिग्री के पास और दिन का 32 से 34 डिग्री के मध्य रहा। दिन में सर्दी पूरी तरीके से गायब रही, जबकि रात को मौसम में ठंडक रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से सर्दी का असर काफी कम हो जाएगा।

सूर्यनगरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री रहा। सुबह-सुबह सर्दी रही। खुले इलाकों में अधिक ठंड महसूस की गई। सुबह ऊनी कपड़े पहनने पड़े लेकिन दिन चढऩे के साथ सर्दी का असर खत्म होने लगा। सुबह दस बजे ही सर्दी छूमंतर हो गई। तीखी धूप में कुछ पल के लिए रहना मुश्किल हो रहा था। धूप में तपिश का अनुभव हो रहा था। दोपहर में तापमान 31.6 डिग्री रहा। शाम ढलने के बाद मौसम सुहाना रहा। देर रात सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू किया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 14.5 व अधिकतम 32.5 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में रात का पारा 16.1 व दिन का 34.2 डिग्री रहा।

Published on:
20 Feb 2021 07:28 pm