
छह घंटे में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार
- मकान से चोरी के आभूषण व रुपए भी बरामद
जोधपुर.
प्रतापनगर थाना पुलिस ने जगदम्बा कॉलोनी स्थित सूने मकान के ताले तोड़कर आभूषण व रुपए चुराने के मामले में छह घंटे के भीतर बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। चोरी के आभूषण व रुपए भी बरामद किए गए।
थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि जगदम्बा कॉलोनी निवासी महेश कुमार पुत्र किशोरसिंह मंगलवार सुबह किसी कार्य से पीपाड़ शहर गए थे। पत्नी विजय लक्ष्मी भी महामंदिर में बच्चों के पास चली गई। जो शाम चार बजे घर लौटी। घर के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। उसमें रखे चांदी की चार जोड़ी पायल, चादी से निर्मित लक्ष्मी व गणेश की प्रतिमाएं और एक जोड़ी कानों की झुमरियां, दस हजार रुपए व पेंशन के कागजात गायब थे। चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। संदेह के आधार पर मूलत: डांगियावास हाल जगदंबा कॉलोनी निवासी सलीम उर्फ श्रवण पुत्र मनफूल को हिरासत में लिया। पूछताछ में वारदात स्वीकारने पर उसे गिरफ्तार किया गया। उससे चोरी के जेवर व रुपए बरामद किए गए।