जोधपुर

धमकियों से परेशान युवक ने पेड़ पर फंदा लगाया

- आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज
less than 1 minute read
Apr 18, 2021
धमकियों से परेशान युवक ने पेड़ पर फंदा लगाया
धमकियों से परेशान युवक ने पेड़ पर फंदा लगाया

जोधपुर.
जिले के एक गांव में कोरोना संक्रमित एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह कुछ लोगों से मिल रही धमकियों से परेशान था। पिता ने अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने बताया कि एक युवक ने ढाणी के सामने पेड़ पर फंदा लगाया है। इससे कुछ देर पहले उसने पिता को फोन कर कुछ लोगों से मिल रही धमकियों से परेशान होकर जान देने की जानकारी दी थी। इससे आशंकित पिता पड़ोस की ढाणी से घर पहुंचे, लेकिन तब तक पुत्र फंदे पर लटक चुका था। पिता व आस-पास के लोगों ने उसे नीचे उतारा और एम्स ले गए, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस भी एम्स पहुंची, जहां पिता ने कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुत्र को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया और पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा। पुलिस का कहना है कि मृतक कोरोना पॉजीटिव था। घर के सदस्यों को भी कोरोना हो रखा है। ऐसे में पुलिस जांच नहीं कर पाई है।
नाबालिग से बलात्कार के मामले में था परेशान

पुलिस का कहना है कि एक नाबालिग ने गत दिनों अपने पिता के खिलाफ बलात्कार व पोक्सो का मामला दर्ज कराया था। पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। उधर, अस्पताल में भर्ती पीडि़ता से मिलने के बाद कुछ लोगों ने फंदा लगाने वाले युवक का नाम भी लेना शुरू कर दिया था। इससे वह मानसिक अवसाद में चला गया था। जबकि एफआइआर और पीडि़ता के बयान में युवक का कोई उल्लेख नहीं है। हालांकि पीडि़ता के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज होने हैं।

Published on:
18 Apr 2021 11:55 pm