
जोधपुर. टैक्सी चालक की हत्या कर कार लूटकर फरार तीनों आरोपियों को पुलिस तीन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। इनमें से दो युवक लूनी थानान्तर्गत सर गांव के रहने वाले बताए जाते हैं, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश में गठित टीमें बाड़मेर, बालोतरा, सिणधरी, धोरीमन्ना, बायतु व जालोर के सांचौर और लूनी इलाके में दबिश दे रही है। सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल का कहना हैं कि आरोपियों का फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है।
गौरतलब है कि मूलत: गुड़ा बिश्नोइयान में बालाजी नगर, हाल सरस्वती नगर निवासी दिनेश बिश्नोई गत मंगलवार रात 10.40 बजे रेलवे स्टेशन के बाहर से कार टैक्सी में तीन लोगों को लेकर सालावास के लिए रवाना हुआ था। तीनों ने रास्ते में चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर शव सतलाना गांव में लूनी नदी के पास झाडि़यों में फेंक दिया और कार लूटकर भाग निकले थे।