
बेलवा (जोधपुर). केन्द्र सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जल शक्ति मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सरपंच संवाद कार्यक्रम हुआ। वीडियो कान्फ्रेंस में देश के 12 सरपंचों के साथ केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने वीसी द्वारा संवाद स्थापित किया।
केन्द्रीय मंत्री की वीसी में राजस्थान से एकमात्र जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत बेलवा राणाजी सरपंच प्रतिनिधि राणोसा प्रतापसिंह इन्दा शामिल हुए। सरपंचों से वार्ता करते हुए केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पन्द्रहवें वित्त आयोग ने अनुशंसा करते हुए 60 फीसदी पैसा गांव में स्वच्छता एवं पेयजल पर खर्च करने का फैसला लिया।
संवाद में सरपंच प्रतिनिधि इन्दा ने कहा कि ओडीएफ के तहत पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल कर दिया है।
उन्होंने कोरोना काल में गांव डोर टू डोर सर्वे एवं सैंपलिंग के साथ दूसरी लहर में कोविड पॉजिटिव लोगों के लिए पंचायत स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों कर जानकारी दी। वहीं उन्होंने पन्द्रहवें वित्त आयोग द्वारा पीआरआई के पैसे से ग्राम स्वच्छता, पेयजल, सामुदायिक शौचालय सहित अन्य निर्माण की कार्ययोजना के बारे में बताया।