धुंध सी क्या फिजा पे छाई है, रात गुजरी कि सुबह आई है। जोधपुर शहर में शुक्रवार और शनिवार को सुबह कुछ एेसा ही नजारा रहा। इस कारण रात को हवा चलने से सर्द
मारवाड़ में इन दिनों मौसम के कुछ अलग ही अंदाज नजर आ रहे हैं। मानो विदा हो रही सर्दी फिर से लौट आई है। इस कारण संभाग में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। संभाग के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार व शनिवार को मौसम में उतार-चढ़ाव नजर आया। जोधपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह सुबह कोहरा छाये रहने से सर्दी का असर बढ़ गया। जोधपुर सहित बाड़मेर व जैसलमेर के सरहदी इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आने से तुलनात्मक रूप से सर्दी अधिक रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जोधपुर संभाग के तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।
छाया रहा कोहरा
जोधपुर शहर में शनिवार की सुबह कोहरा छाया हुआ था। हवा में नमी ज्यादा होने के कारण जाड़े का असर बढ़ गया। दोनों दिन यानी शुक्रवार और शनिवार को सुबह सर्दी रहने से शहर के बाशिंदों को गर्म लबादे ओढऩे पड़े। कोहरे के कारण सुबह-सुबह वाहन चालकों को गाडि़यों की हैडलाइट जला कर ड्राइविंग करनी पड़ी। सूरज के शहर में सूरज के क्षितिज पर चढऩे के साथ ठंड का असर कम होता गया।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान
मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर शुक्रवार को दिन में तापमान २७ डिग्री रहा। शनिवार सुबह तापमान न्यूनतम ९.४ डिग्री रहा। शुक्रवार को जोधपुर में न्यूनतम तापमान १२.९ डिग्री रहा। जबकि बाड़मेर में न्यूनतम तापमान १२.९ और अधिकतम २७.७ डिग्री मापा गया। जैसलमेर अधिक ठण्डा रहा। यहां रात का पारा ९.३ और दिन का २४.७ डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दिनचर्या और खानपान
सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। लोग सुबह देर तक घरों में रजाइयों में दुबके रहे। लोग स्वेटर, जैकेट, जर्सी, शॉल, मफलर पहन कर ही बाहर निकले। सर्दी के कारण मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित रही। इस कारण बुजुर्गों और बच्चों का बुरा हाल रहा। लोगों ने गर्म चाय, कॉफी , केसर दूध, रेवड़ी गजक व मूंगफली पर जोर रखा।