
जोधपुर. थार प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को बादल-बरसात के मौसम से रविवार को मौसम में ठण्डक घुली रही। बादलों की हल्की आवाजाही की वजह से तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आया लेकिन हवा में नमी होने से देर रात व सुबह गलन महसूस हो रही थी। मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान साफ होने के बाद पारा लुढकऩे और सर्दी बढऩे का पूर्वानुमान जताया है।
सूर्यनगरी में सूरजवार को न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह सर्दी थी। दिन चढऩे के बाद सर्दी का असर कम होता गया। धूप भी तीखी थी जिसकी वजह से दोपहर में चुभन महसूस हुई। दोपहर बाद हवा चलने से सर्दी का असर बढ़ गया। अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी अपेक्षाकृत अधिक सर्दी थी। फलोदी और लोहावट क्षेत्र में तेज सर्दी से दिनभर ठिठुरन बनी रही।
जैसलमेर में बरसात के बाद तापमान काफी लुढक़ गया। वहां रात का तापमान 8.2 व दिन का 19.5 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 12.3 व अधिकतम 25.6 डिग्री रहा।