
जोधपुर. समूचे संभाग में सर्दी का दौर बना हुआ है। मंगलवार को भी थार प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान दस डिग्री के आसपास रहा। चटख धूप निकलने की वजह से दिन का तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन पश्मिची विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से बादलों की हल्की आवाजाही होगी। इससे रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी और दिन के तापमान में इतनी ही गिरावट की संभावना है।
जोधपुर में बीती रात तापमान उछलकर दस डिग्री के पार आ गया। न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह-सुबह सर्द मौसम रहा। सर्दी से बचाव के लिए जाब्ता करना पड़ा। दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी हुई। चटख धूप होने से पारा 28.1 डिग्री पर आ गया। पिछले तीन चार दिन से तीखी धूप के कारण तापमान 28 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इससे दिन में सर्दी से राहत है। दूसरी तरफ हवा भी लगभग शांत होने की वजह से दिन में सर्दी का अहसास कम हो रहा है। खुले इलाकों और ग्रामीण हिस्से में जरुरत रात को तेज सर्दी हो जाती है।