
जोधपुर. कोरोना से बचाव को लेकर यात्रियों को जागरूक करने के लिए रोडवेज 24 जून से 30 जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। इसमें रोडवेज के सभी प्रमुख बस स्टैण्ड जहां से बसें रवाना होती है वहां एक बूथ लगाया जाएगा। जिस पर चिकित्सा विभाग का कर्मचारी एवं आगार के दो कार्मिक कोरोना वायरस की रोकथाम के सरल उपाय, इससे संबंधित अन्य बिन्दुओं की जानकारी यात्रियों को देंगे। बूथ सुबह सात से दोपहर एक बजे तक संचालित होगा। जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक बीआर बेड़ा ने बताया कि बूथ पर बैठने वाला रोडवेज कार्मिक यात्रियों को जोधपुर डिपो की ओर से कौन-कौन से रूट पर बसें संचालित की जा रही है इसकी जानकारी भी देंगे। तथा बताएंगे कि रोडवेज में सफर सुरक्षित है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए समुचित उपाय किए जा रहे है।
नंगे पांव घूम रहे 263 जरुरतमंदों को पहनाई चप्पलें
जोधपुर. मुस्कान ग्रुप की ओर से छठा चरण पादुका पहनाने के अभियान के तहत सोमवार को 263 जरुरतमंद बच्चों, महिला-पुरुषों को चप्पलें पहनाई गई। जिससे की इस भीषण गर्मी में उनके पांव न जले। मुस्कान ग्रुप के इंजीनियर निर्मल माथुर ने बताया चरण पादुका वितरण कार्यक्रम मनोहरलाल माथुर सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि सूरसागर क्षेत्र में भैरव भाकर बस्ती एवं राजबाग बस्ती में पूर्व में किए गए सर्वे के आधार पर चरण पादुका पहनाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रुप की मुक्ता माथुर, संतोष कुमार माथुर, भगवान चंद माथुर, अशोक माथुर, बृजेश नेपालिया, राहुल माथुर, वीणा माथुर, उमा माथुर, सामाजिक नेत्री सुमन माथुर आदि उपस्थित रहे।