
जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को दूसरे दिन भी सर्दी से राहत रही। बादलों की घनी आवाजाही से दिनभर सूरज व बादलों की लुकाछिपी चलती रही। रात का तापमान दस डिग्री से अधिक और दिन का 25 डिग्री से ऊपर रहने से सर्दी से कुछ निजात मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान अधिक रहने से सर्दी कम रहेगी। गुरुवार से तापमान के फिर से थोड़ा नीचे आने की संभावना है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा। हवा में आद्र्रता अधिक होने से सुबह लोगों को मोटे गर्म कपड़े पहनने पड़े। हवा बहने से सर्दी का अहसास हो रहा था। थोड़ी देर बाद बादलों की हल्की आवाजाही शुरू हो गई। सूरज व बादलों की आंख मिचौनी के बीच दोपहर में तापमान 26.7 डिग्री पर पहुंच गया। दोपहर बाद बादलों की घनी आवाजाही सूरज छिप गया और बरसाती मौसम हो गया, लेकिन बदरा नहीं बरसे। रात को सर्दी का अहसास बना रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी एेसा ही मौसम बना रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री और अधिकतम 23.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में रात का तापमान 10.3 डिग्री और दिन का 28 डिग्री रहा। माउंट आबू में पारा 2.6 डिग्री रहा। वहां कड़ाके की सर्दी रही।