
कानपुर देहात-कांग्रेस के पूर्व सांसद ने शिवल क्षेत्र के बैरी सवाई में जनसभा कर सत्तासीन बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और खाद तथा बीज की महंगाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ये सरकार गरीब किसानों की बात करती है लेकिन यहां तो किसान खाद बीज के लिए भटक रहा है। इधर आवारा पशुओं से किसान बुरी तरह त्रस्त हो चेक हैं। प्रदेश की सरकार ने सिर्फ गायों को संरक्षण दिया है, गरीब आम आदमी को कोई राहत नही। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। बोले कि डीजल पेट्रोल के मूल्य आसमान छू रहे हैं। लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। जनता त्रस्त हो चुकी है। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता पैदल चलकर मैथा तहसील पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि पेट्रोल डीजल रसोई गैस की कीमतें तेजी के साथ बढ़ जाने से आम नागरिक त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से जनसाधारण और भारतीय अर्थव्यवस्था ने दम तोड़ दिया है। दूसरे प्रांतों से आने वाले बिहारी मजदूर अपाहिज हो गए। चौराहों पर मजदूरों को काम मिलना बंद है। गरीबों पर जुल्म ढाया जा रहा है लेकिन इस बार जनता सब जान चुकी है कि सबका साथ सबका विकास कैसा है, इसलिए अब जनता इसका सही जवाब देगी।
सत्ता के संरक्षण में उत्तर भारतीय मजदूरों को गुजरात से मारपीट कर भगाया जा रहा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस शासनकाल में 350 में मिलने वाला सिलेंडर अब 900 में मिल रहा है। शिक्षित युवा बेरोजगार बने भटक रहे हैं। नौकरी की मांग करने वाले युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, उच्चतम तकनीक से विकसित राफेल जहाज, जिसे कांग्रेस 526 करोड़ में खरीद रही थी, उसे मौजूदा सरकार उद्योगपतियों के माध्यम से सोलह सौ करोड़ में खरीद रही है। फिलहाल जनता अब बीजेपी की कथनी करनी जान चुकी है।