3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा जिला मंत्री की पत्नी के पर्स से कंगन चोरी: सीसीटीवी से खुला राज, तीन अंतरराज्यीय महिलाएं गिरफ्तार

Crime News: कानपुर के बाजार में महिलाओं को निशाना बनाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया। भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा जिला मंत्री की पत्नी के पर्स से सोने का कंगन चोरी करने वाली मध्य प्रदेश की तीन महिलाएं गिरफ्तार। सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, दिल्ली और यूपी के कई जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कानपुर

•

image

Avanish Kumar

•

Updated: 3 Nov 2026, 6:02 PM IST

crime news

सांकेतिक फोटो

Kanpur Crime News: कानपुर के कल्याणपुर बाजार में त्योहार की खरीदारी और सजने-संवरने के लिए पहुंची महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गणपति मार्केट स्थित बुटीक में मेहंदी लगवाने गई भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा जिला मंत्री की पत्नी के पर्स से सोने का कंगन चोरी करने वाली तीन महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं। इनके पास से चोरी किया गया सोने का कंगन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों त्योहार के दौरान कल्याणपुर बाजार में एक और वारदात करने की फिराक में थीं। पूछताछ में इनके दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

मेहंदी लगवाने के लिए पर्स में रखे थे दोनों कंगन, टक्कर मारकर भटकाया ध्यान

कल्याणपुर खुर्द निवासी एडवोकेट शशांक सिंह राजावत भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व जिला मंत्री रह चुके हैं। उनकी पत्नी पारुल सिंह 28 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे अपनी जेठानी और बच्चों के साथ पनकी रोड स्थित गणपति मार्केट के पूर्वी बुटीक गई थीं। बुटीक के बाहर हाथों में मेहंदी लगवाने के लिए उन्होंने दोनों हाथों के सोने के कंगन उतारकर पर्स में रख लिए थे। इसके बाद वह बुटीक के अंदर चली गईं। इसी दौरान हरे रंग का सूट पहने एक महिला जानबूझकर उनसे टकराई। पारुल को महिला की हरकत संदिग्ध लगी तो उन्होंने उसे टोका। इस पर महिला ने थ्रेडिंग कराने की बात कही और वहां से चली गई। एक-दो मिनट बाद पारुल की नजर अपने पर्स पर पड़ी तो उसकी चेन खुली हुई थी। पर्स में रखा करीब 11.50 ग्राम वजन का एक सोने का कंगन गायब था।

त्योहार खराब होने के डर से पति को नहीं बताई थी चोरी की बात

कंगन गायब होने पर पारुल ने तत्काल बुटीक संचालकों को जानकारी दी और बाजार में संदिग्ध महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। त्योहार खराब होने के डर से उन्होंने उसी दिन पति को घटना की जानकारी नहीं दी। अगले दिन वह बुटीक पहुंचीं और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इसमें संदिग्ध महिला चोरी करते हुए दिखाई दी। इसके बाद 31 अक्टूबर को उन्होंने पति एडवोकेट शशांक सिंह राजावत को घटना की जानकारी दी। पति की ओर से कल्याणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों से मिली महिलाओं की पहचान

घटना के पर्दाफाश के लिए कल्याणपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम पश्चिम जोन को लगाया गया। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और सर्विलांस की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई। मंगलवार तीन नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगा एन्क्लेव के पीछे वाले रास्ते से तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सुबह करीब 11:15 बजे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में की गई।गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी निवासी अंजली सिसौदिया (28), ग्राम कड़िया सांसी निवासी जयरानी और कासो (33) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान जयरानी के काले रंग के साइड बैग से चोरी का सोने का कंगन बरामद हुआ। वहीं, अंजली के हरे रंग के बैग से सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और रियलमी सी-51 मोबाइल फोन मिला।

भीड़ लगाकर करती थीं चोरी, दिल्ली और यूपी में भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस पूछताछ में तीनों महिलाओं ने बताया कि वे गिरोह बनाकर बाजारों, बुटीक और पार्लर में महिलाओं को निशाना बनाती हैं। गिरोह की एक महिला टक्कर मारकर या बातचीत में उलझाकर पीड़िता का ध्यान भटकाती है, जबकि दूसरी मौका मिलते ही पर्स से जेवरात और कीमती सामान निकाल लेती है। गणपति मार्केट में भी उन्होंने इसी तरीके से कंगन चोरी किया था।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों महिलाएं शातिर चोर हैं। इनके खिलाफ दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। त्योहार के चलते तीनों दोबारा कल्याणपुर बाजार में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थीं। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

#में अब तक