
मृतक युवक की फाइल फोटो
Kanpur Crime News:कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। महिला से मिलने उसके घर पहुंचे 28 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति और परिवार के अन्य लोगों ने युवक को घेरकर हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। रविवार भोर पहर युवक के परिजन शव लेकर साढ़ थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गंभीरपुर गांव निवासी विजय प्रकाश उर्फ पप्पू तिवारी का 28 वर्षीय बेटा अतुल उर्फ गोपाल बारीगांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। वह खाली समय में ऑटो भी चलाता था। गांव के ही विकास अवस्थी की पत्नी से उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात अतुल ऑटो लेकर घर लौटा और बाहर ही सो गया। रात करीब दो बजे विकास की पत्नी का फोन आने पर वह चुपचाप उससे मिलने उसके घर पहुंच गया।
आरोप है कि अतुल के घर में पहुंचते ही विकास और परिवार के अन्य लोग जाग गए। इसके बाद उन्होंने अतुल को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में अतुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद विकास के पिता कल्लू अतुल के घर पहुंचे और परिजनों को बताया कि अतुल उनके घर में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलने पर अतुल के परिजन विकास के घर पहुंचे तो वह घायल अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में परिजन उसे नौबस्ता स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर साढ़ थाने पहुंच गए। दूसरी ओर, आरोप है कि घटना के बाद विकास और उसके परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
अतुल के पिता विजय प्रकाश ने विकास अवस्थी, उसके पिता कल्लू, भाई मोहित, मां, विकास की पत्नी और मोहित की पत्नी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
1 Nov 2026, 1:07 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 1:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.