कानपुर

एटीएम में रुपये निकालने का अनोखा तरीका! कैश ट्रे में फंसा रहे थे प्लास्टिक की पट्टी, एक गिरफ्तार, साथी फरार

Kanpur News: कानपुर के पनकी में इंडियन बैंक के एटीएम की कैश ट्रे में प्लास्टिक की पट्टी फंसाकर रुपये निकालने की कोशिश कर रहा युवक गिरफ्तार। साथी फरार, 10 हजार रुपये बरामद।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 1:01 PM IST
Kanpur News
एटीएम में प्लास्टिक की पट्टी फंसाकर रुपये निकालने का आरोपित गिरफ्तार।

ATM Fraud Kanpur: कानपुर में एटीएम से रुपये निकालने के लिए अब न कार्ड की जरूरत पड़ रही है और न ही पिन की। शातिरों ने नकदी निकालने का नया तरीका खोज निकाला। पनकी में एक युवक एटीएम की कैश ट्रे में टेप की मदद से प्लास्टिक की पट्टी फंसाकर रुपये निकालने की कोशिश कर रहा था। बाहर खड़ा उसका साथी निगरानी कर रहा था। स्थानीय लोगों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो बैंक कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद पहुंची पनकी पुलिस ने युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उसका साथी पुलिस को देखकर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपित के पास से 10 हजार रुपये नकद और प्लास्टिक की कई पट्टियां बरामद हुई हैं।

कैश ट्रे में पट्टी फंसाकर निकाल रहा था नकदी

पनकी के बी ब्लॉक स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में एक युवक काफी देर से संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था। वह टेप की मदद से प्लास्टिक की पट्टी को एटीएम की कैश ट्रे में फंसा रहा था। इसी तरीके से मशीन से निकलने वाली नकदी को रोककर निकालने का प्रयास कर रहा था। एटीएम के आसपास मौजूद लोगों को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं तो उन्होंने बैंक कर्मचारियों को जानकारी दी। बैंक कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी।

बाहर खड़ा साथी कर रहा था निगरानी

पुलिस के पहुंचते ही एटीएम के अंदर मौजूद युवक घबरा गया। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से 10 हजार रुपये नकद और प्लास्टिक की कई पट्टियां बरामद हुईं। पूछताछ में उसने बताया कि वह प्लास्टिक की पट्टी और टेप की मदद से एटीएम की कैश ट्रे में छेड़छाड़ कर रुपये निकालने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसका एक साथी एटीएम से कुछ दूरी पर खड़े होकर निगरानी कर रहा था। पुलिस की भनक लगते ही वह फरार हो गया।

कन्नौज का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपित

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित की पहचान कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के कुडिना निवासी सुमित गौतम के रूप में हुई है। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। फरार साथी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपित ने इससे पहले इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Updated on:
5 Nov 2026, 1:01 PM IST
Published on: