
Robber groom Kanpur : अक्सर आपने लुटेरी दुल्हन के बारे में सुना होगा, लेकिन कानपुर में एक ऐसा लुटेरा दूल्हा सामने आया है जिसने शादी से पहले ही ससुराल वालों की जेब खाली कर दी। यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है, यहां एक जालसाज ने खुद को IAS अफसर बताकर एक पूरे परिवार की जीवन भर की कमाई हड़प ली।
कल्याणपुर की रहने वाली एक युवती का रिश्ता उन्नाव के रहने वाले नीतीश पांडे नाम के युवक से तय हुआ था। नीतीश ने खुद को यूपीएससी (UPSC) सिलेक्टेड बताकर लड़की के परिवार का भरोसा जीत लिया। उसने बकायदा फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाए और दावा किया कि उसकी ट्रेनिंग पूरी होते ही उसे कानपुर का ही जिला अधिकारी (DM) बनाया जा रहा है, लेकिन इसके लिए उसे ऊपर के अधिकारियों को 72 लाख रुपये देने होंगे।
बेटी के उज्ज्वल भविष्य और दामाद के रुतबे के लालच में परिवार ने अपनी सारी जमा-पूंजी नीतीश को सौंप दी। इस भारी-भरकम रकम का इंतजाम करने के लिए परिवार ने अपने पुश्तैनी जेवर और कीमती सामान भी बेच दिए। करीब 6 महीने तक नीतीश ट्रेनिंग का बहाना बनाता रहा। जब काफी वक्त बीत गया और ना तो शादी की बात आगे बढ़ी, ना ही उसकी पोस्टिंग हुई, तो युवती को शक होने लगा। जांच करने पर पता चला कि वह कोई अफसर नहीं बल्कि एक शातिर ठग है। उसने जो दस्तावेज और ई-मेल दिखाए थे, वे सभी फोटोशॉप से बनाया हुए और फर्जी निकले।
जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे, तो नीतीश अपनी असलियत पर उतर आया और युवती की निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। धमकियों के बावजूद लड़की का परिवार नहीं डरा और पुलिस के पास पहुंचा। कानपुर के कल्याणपुर थाने में नीतीश पांडे और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। अब पुलिस उस लुटेरे दूल्हे की तलाश कर रही है, जिसने शादी से पहले ही ससुराल को भारी नुकसान पहुंचाया।