कानपुर

Kanpur News:दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट, वीडियो वायरल, पुलिस ने शांति भंग में की कार्रवाई

Kanpur dispute violence:रावतपुर में गाली-गलौज के विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक बुजुर्ग गंभीर घायल हुए। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर शांति भंग में कार्रवाई की।
2 min read
Apr 05, 2026
Feature image

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। गाली-गलौज का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस घटना में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई।

रावतपुर पुलिस के अनुसार मसवानपुर निवासी मूलचंद्र कश्यप, जो एक निजी कर्मचारी हैं, शनिवार दोपहर अपने निर्माणाधीन मकान की छत पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले महेश राजपूत से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि महेश की ओर से गाली-गलौज शुरू की गई, जिसका मूलचंद्र ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट के दौरान मूलचंद्र कश्यप के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे को भी हल्की चोटें आई हैं।

घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरा मामला अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। रावतपुर थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। वहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गाली-गलौज को लेकर विवाद की बात सामने आई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
05 Apr 2026 10:44 pm
Published on:
05 Apr 2026 10:44 pm