कानपुर

Kanpur News:तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से जीजा की मौत, साला गंभीर, डंपर चालक हुआ फरार

Kanpur Road Accident: lनौबस्ता के यशोदानगर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार जीजा-साले को टक्कर मार दी। हादसे में अनिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि साला संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सीसी कैमरों से फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।
2 min read
Mar 08, 2026
Feature image

कानपुर। नौबस्ता क्षेत्र के यशोदानगर हाईवे पर शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार जीजा-साले को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसी कैमरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है।

ससुराल जा रहे थे जीजा-साले

गुजैनी के पिपौरी मर्दनपुर निवासी अनिल (45) निजी कंपनी में काम करते थे। परिवार में पत्नी किरन, बेटा शोभित और बेटी सोनिया हैं। परिजनों के अनुसार अनिल अपने साले संजय (35) के साथ बाइक से नौबस्ता हाईवे के रास्ते महाराजपुर के करबिगवां स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। दोनों यशोदानगर हाईवे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए।

मौके पर ही तोड़ा दम, साला आईसीयू में भर्ती

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजय की हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अनिल की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसी कैमरों से डंपर चालक की तलाश

नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
08 Mar 2026 06:39 pm
Published on:
08 Mar 2026 06:39 pm