कानपुर

सोना बेचेंगे तो टैक्स भी देना पड़ेगा, आयकर विभाग का नोटिस

जितनी देर से बेचेंगे सोना उतना ज्यादा देना होगा टैक्स सोना खरीद का बिल रखें संभालकर, वरना होगा नुकसान

2 min read
Oct 28, 2019
सोना बेचेंगे तो टैक्स भी देना पड़ेगा, आयकर विभाग का नोटिस
सोना बेचेंगे तो टैक्स भी देना पड़ेगा, आयकर विभाग का नोटिस

कानपुर। सोना खरीदने के साथ-साथ सोना बेचने पर भी टैक्स देना होता है। अधिकांश लोगों को नहीं पता कि सोना बेचने पर भी टैक्स देना पड़ता है। इसी जानकारी को लोगों तक पहुंचाने के लिए आयकर विभाग ने अलर्ट नोटिस जारी किया है। सोना बेचने पर लगने वाला टैक्स अलग-अलग है। यह इस बात पर तय होता है कि आपने सोना खरीदने के कितने दिनों बाद बेंचा। खासतौर पर निवेश के लिए सोना खरीदने वालों को खास बातों का ख्याल रखना होता है।

सोना खरीद पर बिल मांगें
सोना खरीदते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। फिर चाहे आप सोना खुद के लिए खरीद रहे हों या फिर निवेश के लिए। सोना बेचने पर सराफा व्यापारी कई बार वह मेल्टिंग चार्ज के रूप में काफी पैसा काट लेता है। ऐसे में आपको आपके सोने की 60-7० प्रतिशत ही कीमत मिल पाती है। इन चीजों से अगर आप बचना चाहते हैं और सोने की सही कीमत पाना चाहते हैं तो सोना खरीदते समय बिल जरूर लें। अगर ऐसा न किया तो बेचने की सूरत में व्यापारी औने-पौने दाम लगाएंगे।

शुद्धता की जांच कराएं
सोना उसी व्यापारी को बेचें, जिससे खरीदा है। इससे अच्छी कीमत मिलेगी। किसी अन्य को बेचने जा रहे हैं तो थोड़ी सी फीस देकर हालमार्क सेंटर से शुद्धता की जांच करा लें। इससे कोई व्यापारी आपको ठग नहीं पाएगा। जीएसटी लागू होने के बाद से ग्राहकों को गहने खरीदते समय इन्हें बनाने की फीस देनी होती है। साथ ही कुल सोने की कीमत का तीन फीसदी भुगतान करना होता है।

अलग-अलग टैक्स
सोना बेचने पर लगने वाला टैक्स इस बात पर निर्भर करता है कि आपने इसे कितने समय तक अपने पास रखा है। इस पर शॉर्ट टर्म कैपिटल गेंस या लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस के आधार पर टैक्स लगेगा। अगर आप ज्वैलरी खरीदने के 36 महीने के अंदर उसे बेच देते हैं तो इसके बढ़े मूल्य पर आपको शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स चुकाना होगा। आपको हुआ फायदा आपकी कुल आय में जोड़ दिया जाएगा। आप जिस टैक्स-स्लैब में आते हैं, उसके हिसाब से टैक्स चुकाना होगा। 36 महीने के बाद बेचने पर लांग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगेगा। ये सोना बेचने पर हुए मुनाफे का करीब 20 प्रतिशत है।

Published on:
28 Oct 2019 11:39 am