9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कानपुर को मिलेगा हाईटेक संक्रामक रोग अस्पताल, 150 बेड के नए IDH से बदलेगी स्वास्थ्य व्यवस्था

Kanpur GSVM Hospital: कानपुर के GSVM मेडिकल कॉलेज में 50 करोड़ की लागत से नया संक्रामक रोग अस्पताल बनेगा। 150 बेड वाले इस हाईटेक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड, मॉड्यूलर ओटी और गंभीर संक्रामक बीमारियों के इलाज की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

2 min read
Google source verification
Kanpur, GSVM, Medical College

GSVM मेडिकल कॉलेज (फोटो-पत्रिका)

Kanpur Hospital News: कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में जल्द ही नया संक्रामक रोग अस्पताल (आईडीएच) बनाया जाएगा। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल में गंभीर संक्रामक बीमारियों के इलाज की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल के निर्माण के लिए शासन की ओर से पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।

42 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा 4 मंजिला अस्पताल

मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार LLR अस्पताल के मेडिसिन विभाग के पीछे खाली पड़ी करीब 42 हजार वर्ग मीटर जमीन पर चार मंजिला भवन तैयार किया जाएगा। इस अस्पताल में कुल 150 बेड की क्षमता होगी। इनमें 100 बेड का अत्याधुनिक आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा, जहां गंभीर संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों का इलाज होगा।

एड्स जैसी 42 गंभीर बीमारियों का होगा इलाज

नए अस्पताल में एड्स, डिप्थीरिया, टिटनेस समेत 42 प्रकार की संक्रामक बीमारियों के इलाज की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण रोकने के लिए अस्पताल को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा जाएगा। इसके अलावा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनाया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों का इलाज और सर्जरी आसानी से हो सकेगी।

जून में शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि अस्पताल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जून माह में शुरू कराई जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां इलाज के साथ मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और प्रशिक्षण की भी व्यवस्था होगी। इसके लिए अलग से क्लासरूम तैयार किए जाएंगे।

अभी कम बेड होने से मरीजों को हो रही परेशानी

वर्तमान में संक्रामक रोग अस्पताल सीमित संसाधनों और कम बेड क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक कार्डियोलॉजी विस्तार के कारण पुराने संक्रामक रोग अस्पताल को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया था, जहां केवल पांच बेड की सुविधा बची थी। ऐसे में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर ही नहीं आसपास के जिलों को भी मिलेगा लाभ

नया अस्पताल बनने से कानपुर के साथ उन्नाव, फतेहपुर, कानपुर देहात और आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते संक्रमण और गंभीर बीमारियों को देखते हुए यह अस्पताल क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह अस्पताल भविष्य में बड़े मेडिकल सेंटर के रूप में विकसित हो सकता है।