22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Kanpur News: 15 दिन की रेकी, सूना घर और फिर 60 लाख की चोरी, ऐसे खुला पूरा राज

Kanpur News: कानपुर के पनकी में सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक के घर हुई 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार हुआ। पूछताछ में उसने ऑनलाइन गेमिंग बेटिंग में नुकसान के कारण चोरी करने की बात स्वीकार की है।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो पत्रिका

Kanpur Crime News:कानपुर के पनकी में सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक के घर हुई करीब 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पांच टीमों की जांच, करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और लगातार की गई पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नकदी, सोने की चेन, चांदी के जेवर समेत चोरी का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कई दिनों तक घर की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।

बेटे की शादी में मुंबई गए थे दंपती, सूने घर को बनाया निशाना

पनकी के सी ब्लॉक निवासी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक संतोष कुमार शर्मा 17 जून को पत्नी सुमन शर्मा के साथ बेटे अरुण की ससुराल में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने मुंबई गए थे। बड़ा बेटा दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा अमेरिका में रहता है। घर बंद होने का फायदा उठाकर 11 जुलाई की रात चोर ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व लॉकर तोड़कर नकदी और कीमती जेवर लेकर फरार हो गया। अगली सुबह जब नौकरानी घर पहुंची तो चोरी की जानकारी हुई। परिवार के लौटने पर नुकसान का आकलन किया गया, जिसमें करीब 60 लाख रुपये मूल्य की नकदी और आभूषण चोरी होने की बात सामने आई।

500 सीसीटीवी कैमरों की जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गईं। टीमों ने इलाके और आसपास के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी के आने-जाने का पूरा रूट तैयार किया गया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना से दो दिन पहले आरोपी एक अन्य मकान की रेकी कर रहा था। उसी रात उसने वहां चोरी का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस की गश्ती गाड़ी पहुंचने पर वह भाग निकला था।

गेमिंग ऐप पर बेटिंग में हार चुका था लाखों रुपये

पुलिस ने पनकी पावर हाउस क्षेत्र में रहने वाले मूल रूप से मैनपुरी के वरनाहल थाना क्षेत्र के महाराम गांव निवासी अंकुश यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 1.52 लाख रुपये नकद, चोरी की तीन सोने की चेन, चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर बेटिंग करता था और इसमें काफी पैसा हार चुका था। नुकसान की भरपाई के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। उसने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के कुछ जेवर बेचकर मिली रकम भी बेटिंग में लगा दी थी।

पहले भी जा चुका है जेल, एक और चोरी की घटना कबूली

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी पहले भी गुरुग्राम में धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने एक अन्य चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस उससे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।