
मृतक सूरज गौतम
Kanpur Police: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर दर्द भरी पोस्ट करने के कुछ घंटे बाद ही एक युवक ने अपनी जान दे दी। यह घटना कर्नलगंज थाना क्षेत्र की है, जहां 25 साल के सूरज गौतम ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी डालकर अपनी परेशानी जताई और फिर फांसी लगा ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। परिवार वाले कह रहे हैं कि मोहल्ले की एक लड़की से बात करने पर कुछ गुंडों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी बात से टूटकर सूरज ने यह कदम उठा लिया।
सूरज गौतम ईदगाह पीली बिल्डिंग में अपनी मां लक्ष्मी के साथ रहता था। मां चौका-बर्तन का काम करके परिवार चलाती हैं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शनिवार शाम करीब 6 बजे जब मां काम से घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बाहर से बहुत आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर सूरज का शव पंखे से लटका मिला। देखते ही मां की हालत खराब हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के लोगों ने बताया कि गुरुवार को ही यह सब हुआ था। कुछ दबंगों ने घर में घुसकर सूरज को पीटा और तमंचा दिखाकर धमकी दी कि लड़की से बात की तो जान से मार देंगे। इसके बाद सूरज बहुत घबराया हुआ था। शुक्रवार को उसने बहनोई जितेंद्र को रोते हुए फोन पर सारी बात बताई। घटना से पहले उसने इंस्टाग्राम पर पांच स्टोरी पोस्ट की थीं। एक स्टोरी में उसने लिखा था, 'तू फिक्र मत कर मेरी जान, तुझे अपनी शक्ल तो क्या कफन तक देखने का मौका नहीं दूंगा…' ये पोस्ट पढ़कर परिवार वाले समझ गए कि सूरज कितना टूट चुका था।
मां लक्ष्मी ने बताया कि बेटा शांत स्वभाव का था। वह किसी से झगड़ा नहीं करता था। बस मोहल्ले की उस लड़की से बातचीत हो जाती थी, इसी बात को लेकर गुंडों ने उसे निशाना बनाया। परिवार अब इन गुंडों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की पूरी जांच चल रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उन लोगों की तलाश में जुटी है जिन्होंने सूरज को धमकी दी थी।
Updated on:
19 Jul 2026 09:25 pm
Published on:
19 Jul 2026 09:25 pm
