
Pc-Patrika
Encounter in Varanasi : वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई है। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक कंटेनर में ठूंसकर ले जाए जा रहे करीब 30 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया है। पुलिस ने आरोपी के पास से असलहा व कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, भीटी चौकी क्षेत्र में सोमवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भाग निकला। सूचना मिलते ही आसपास के थानों को अलर्ट किया गया और कंटेनर का पीछा शुरू किया गया। भागते हुए कंटेनर को टेंगरा मोड़ के पास पुलिस की घेराबंदी दिखाई दी तो वाहन रुक गया। इसी बीच कंटेनर से उतरकर चालक विश्वसुंदरी पुल के नीचे झाड़ियों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हरनाही लक्ष्मीनिया गांव निवासी मुहम्मद एजाज के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें से करीब 30 गोवंशीय पशु बरामद हुए। सभी पशुओं को सुरक्षित निकालकर पशु आश्रय गृह भेज दिया गया। कंटेनर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गोतस्करी, पुलिस टीम पर फायरिंग और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपों के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Updated on:
20 Jul 2026 12:52 pm
Published on:
20 Jul 2026 12:52 pm
