
UP police (फाइल फोटो- पत्रिका)
Bulandshahr Husband Suicide Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र अंतर्गत दीघी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के अवैध संबंधों से मानसिक रूप से परेशान 38 वर्षीय युवक ऋषि ने शनिवार रात ससुराल में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई बाल किशन ने थाने में तहरीर देकर पत्नी प्रीति, प्रेमी सोनू, सास राजकुमारी और साले विजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के खेलिया कल्यानपुर गांव निवासी बाल किशन ने बताया कि उनके छोटे भाई ऋषि की वर्ष 2010 में पहासू के दीघी गांव निवासी प्रीति के साथ शादी हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं— सबसे बड़ी बेटी गुंजन (लगभग 14 वर्ष), सात वर्षीय बेटा कुनाल और चार वर्षीय पुनीत। बाल किशन के अनुसार, प्रीति का पिछले दो-तीन साल से गौतमबुद्ध नगर के मुतेना गांव निवासी सोनू के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इसी वजह से प्रीति अक्सर बच्चों को साथ लेकर मायके में रहने लगी थी।
इस संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी हुई। पिछले साल हुई पंचायत में प्रीति के परिजनों ने भी इस रिश्ते की बात स्वीकार की और प्रीति को अलग करने की सहमति दी। मार्च 2026 में दोनों के तलाक होने की बात तय थी, लेकिन ऋषि अपने बच्चों से अलग नहीं होना चाहता था। इसलिए वह तलाक देने को तैयार नहीं था।
काफी समय से प्रीति बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी। तीन-चार दिन पहले ऋषि अपनी पत्नी और बच्चों को घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। लेकिन प्रीति सोनू के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इस बात ने ऋषि को गहराई से आहत किया। परेशान होकर शनिवार रात को उसने बंद कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह परिवार के लोगों ने जब शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मृतक के ताऊ के बेटे अशोक ने बताया कि बच्चों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मां-बाप के बीच अक्सर विवाद होता था। पिता घर ले जाने की जिद करते थे, लेकिन मां मना करती थी। कुनाल ने बताया कि पिता ने एक रात पहले शराब पी थी। ऋषि ग्रेटर नोएडा में एक निजी कंपनी में सीवर लाइन का काम करता था। वेतन मिलने पर वह बच्चों से मिलने ससुराल जाता था। परिवार उसे रोकता था, लेकिन वह बच्चों के बिना रहने में असमर्थ था।
पहासू थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर पर सोनू, प्रीति, राजकुमारी और विजय के खिलाफ IPC की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ शिकारपुर प्रमोद शर्मा ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
19 Jul 2026 06:59 pm
Published on:
19 Jul 2026 06:59 pm
