
जवान का दर्द: मैं परिवार बचाऊं या देश? Image Video Grab
CRPF Cobra Commando Family Attack: कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। CRPF की विशेष कोबरा यूनिट में तैनात एक कमांडो ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि जब उसके परिवार की सुरक्षा ही खतरे में है तो वह देश की रक्षा कैसे करे। जवान का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
कोबरा कमांडो का आरोप है कि गांव के एक दबंग व्यक्ति और उसके समर्थकों ने उसके परिवार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। जवान के अनुसार, घटना के दौरान उसके घर में महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और परिवार के सदस्यों को धमकाया गया। ड्यूटी पर तैनात होने के कारण वह मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन परिवार के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने प्रशासन से न्याय की मांग की।
पीड़ित जवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए लिखा कि वह देश की सुरक्षा में लगा हुआ है, लेकिन उसके अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। पोस्ट में उसने सवाल उठाया कि आखिर वह देश की रक्षा करे या अपने परिवार की। पोस्ट वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले के तूल पकड़ने के बाद कानपुर नगर पुलिस ने अपना पक्ष सार्वजनिक किया। पुलिस के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र में महिला के साथ उपद्रव किए जाने संबंधी शिकायत के आधार पर 8 जून 2026 को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वादी और प्रतिवादी एक ही परिवार के सदस्य हैं तथा नामजद आरोपी की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी में बताया गया कि चकेरी के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक कुमार पाण्डेय ने पीड़ित पक्ष के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। पुलिस का दावा है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों की धाराओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं। गंभीर आरोपों के बावजूद हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
10 Jun 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
