
सांकेतिक फोटो
Kanpur News: कानपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रावतपुर थाना क्षेत्र के गणेश नगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी समेत उसके मायके पक्ष के छह लोगों पर स्लो प्वाइजनिंग देकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि शक होने पर उसने घर में हिडन कैमरे लगवाए, जिनकी रिकॉर्डिंग में पत्नी कथित तौर पर चाय में दवा या रासायनिक पदार्थ मिलाती दिखाई दी। इतना ही नहीं, उसने छह लाख रुपये के जेवर गायब करने, 70 लाख रुपये की मांग करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणेश नगर निवासी हिमांशु के मुताबिक, उनका विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी थाना क्षेत्र निवासी ज्योति से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से पत्नी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी और आए दिन गाली-गलौज कर घर का माहौल खराब करती थी। हिमांशु का कहना है कि पत्नी अक्सर मोबाइल पर अपराध आधारित कार्यक्रम देखती थी और उनके आते ही चैनल बदल देती थी।
पीड़ित के अनुसार, पत्नी के हाथ की बनी चाय और खाना खाने के बाद उन्हें उल्टी, चक्कर, मिचली और मतिभ्रम जैसी शिकायतें होने लगीं। बाद में परिवार के अन्य सदस्यों की भी तबीयत खराब होने लगी। उनका आरोप है कि एक दिन वह तय समय से पहले घर लौटे तो पत्नी को मोबाइल पर किसी व्यक्ति से कथित तौर पर यह कहते हुए सुन लिया कि वह योजना के तहत उन्हें स्लो प्वाइजनिंग दे रही है और उनकी मौत के बाद पूरी संपत्ति की मालकिन बन जाएगी। हिमांशु का कहना है कि इसके बाद उन्होंने घर में हिडन कैमरे लगवाए। उनका दावा है कि रिकॉर्डिंग में पत्नी चाय में कोई दवा या रासायनिक पदार्थ मिलाती दिखाई दी, जबकि वह खुद वह चाय नहीं पी रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन होने के कारण दवाओं और रसायनों की जानकारी का इस्तेमाल कर रही थी।
हिमांशु के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को उन्होंने दोनों परिवारों की मौजूदगी में कथित वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाई। उस समय पत्नी के भाई शुभम, बहन आरती, बहनोई शुभम, चाचा मनोज और चाची कोमल भी मौजूद थे। आरोप है कि पत्नी के परिजनों ने परिवार की बदनामी का हवाला देकर पुलिस कार्रवाई न करने की बात कही और बाद में तलाक की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनकी मां के लॉकर की जांच करने पर करीब छह लाख रुपये के जेवर गायब मिले। इसके बाद पत्नी और उसके परिजनों ने 70 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि रकम न देने पर गंभीर आपराधिक मुकदमे में फंसाने, जेल भिजवाने और जीवनभर कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगवाने की धमकी दी गई।
हिमांशु का कहना है कि कथित स्लो प्वाइजनिंग का असर अब भी उनके स्वास्थ्य पर है और उन्हें चक्कर, मिचली व मतिभ्रम जैसी दिक्कतें होती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच में साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रावतपुर थाना पुलिस ने हिमांशु गुप्ता की तहरीर के आधार पर पत्नी ज्योति गुप्ता, उसके भाई शुभम, बहन आरती, बहनोई शुभम, चाचा मनोज और चाची कोमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए जाने वाले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
26 Jul 2026 07:18 pm
Published on:
26 Jul 2026 07:18 pm
