कटनी

सैकड़ो गांवों में ठंड के सीजन में हो गई पेयजल की किल्लत, समस्या को लेकर सामने आए चौकाने वाले सच

पेयजल के लिए भटकने विवश ग्रामीण, शहर में भी एक टाइम सप्लाई से लोग परेशान, बंद पड़ी नलजल योजना व हैंडपंपों का नहीं हो रहा सुधार

2 min read
Feb 17, 2018
Drinking water problem in cold season

कटनी. गर्मी का सीजन अभी शुरू भी नहीं हुआ और लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं। पेयजल की समस्या न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र में है बल्कि शहर के लोग भी एक टाइम सप्लाई व कम फोर्स से परेशान हैं। बैराज में घटे जल स्तर और नगर निगम द्वारा शहरवासियों की प्यास बुझाने के लिए पुख्ता इंतजाम न कर पाने के कारण लोग परेशान हैं। जिले में आधा सैकड़ा से अधिक नलजल योजना, ५०० से अधिक हैंडपंप खराब हैं। बंद योजनाओं के सुधार के लिए न तो पीएचई और ना ही ग्राम पंचायतों द्वारा ध्यान दिया जा रहा। हैंडपंप खराब होने की मुख्य वजह कम वॉटर लेवल, पाइपों की कमी, टूटी हुई चैन, राइजिंग पाइपों की कमी और विभागीय अफसरों की अनदेखी है। शहर में सुबह से लोग डब्बा-बाल्टी लेकर पानी की तलाश में निकलते हैं। शहर के ४५ वार्डों में से अधिकांश में पेयजल की समस्या है। शहरी क्षेत्र के वेंकट वार्ड, झर्राटिकुरिया, सावरकर वार्ड, अल्फर्टगंज, गांधीगंज, आधारकाप, खिरहनी, मंगलनगर, संजयनगर, प्रेमनगर, एनकेजे, बजरंग कॉलोनी, माधवनगर, अमीरगंज, पहरुआ, कुठला, झिंझरी सहित अन्य क्षेत्र में भी समस्या है।

बहोरीबंद-रीठी में अधिक समस्या
पेयजल के लिए सबसे गंभीर समस्या बहोरीबंद और रीठी तहसील क्षेत्र में अभी से लगभग आधा सैकड़ा गांव के लोग प्यास बुझाने के लिए अल सुबह से व्यवस्था में जुटते हैं। क्षेत्र के बरही, महगवां, बंधी धूरी, रामपाटन, छुरिया, केवलरहा, बसेड़ी, चरगवां, बरतरी, पाकर, झरौली में ठंड के सीजन में भारी समस्या है। इसी प्रकार रीठी मुख्यालय सहित करियापाथ, सिघैया, चौधरी बस्ती, साहू मोहल्ला, भरतपुर, बडग़ांव, लाटपहाड़ी, बरजी, लालतलैया, जमुनिया, अमगवां, गुरजी कला सहित दो दर्जन से अधिक गांव के लोग पेयजल के लिए परेशान हैं।

काम नहीं कर रहीं नलजल योजना
पानी की समस्या ढीमरखेड़ा-उमरियापान क्षेत्र में भी अभी से गंभीर है। क्षेत्र के ग्राम सिलौंड़ी, छोटी पोड़ी, पोड़ी खुर्द, पोड़ी कला, भसेड़ा, पकरिया, डेहरिया, ठिर्री, हरदी, हैरानी की बात तो यह है कि इन सभी गांवों में नलजल योजना हैं, लेकिन ठीक से कहीं पर भी काम नहीं कर रहीं।

बरही क्षेत्र में भी समस्या
पेयजल को लेकर बरही क्षेत्र के लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्षेत्र के जाजागढ़, ददरा, बिचपुरा, करौंदी कला, कुआं, उबरा, छैघरा, ग्राम पंचायत बनगवां, खन्ना, बरही की संदीप कॉलोनी, पंच मुखी कॉलोनी में समस्या अधिक है। खितौली क्षेत्र के बड़ेगांव, मेढ़की, बरनमहगवां, सुतरी, नदावन, केवलारी, बम्हौरी, बगदरा सहित अन्य गांव में पानी की समस्या है। विजयराघवगढ़ क्षेत्र क्षेत्र के गुडग़ुड़ौहा, कोहारी सलैया, खंदवारा, अमेहटा, जमुआनीकला, दुर्जनपुर, चरी, खेरवा नं. २, बंजारी, परसवारा, कारीतलाई सहित कई गांव में अभी से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

यह है बंद नलजल व हैंडपंपों की स्थिति
ग्राम नलजल हैंडपंप
कटनी ०९ १६
बहोरीबंद ०५ ४८
ढीमरखेड़ा १० १९
बड़वारा १० २३
विजयराघवगढ़ ०१ २४
रीठी ०६ ४१

इनका कहना है
जिन गांवों में नलजल योजनाएं काम नहीं कर रहीं और हैंडपंप बंद हैं उनका सुधार कार्य कराया जा रहा है। नलजल योजना ग्राम पंचायतें देख रहीं हैं। गर्मी के पूर्व व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। प्रस्ताव की स्वीकृति के बाद विशेष प्रयास किए जाएंगे।
ईएस बघेल, कार्यपालन यंत्री, पीएचई।

ये भी पढ़ें

युवकों का बेमियादी अनशन शुरू
Published on:
17 Feb 2018 10:24 am
Also Read
View All